H3N2 Influenza: दिल्ली-NCR में अचानक बीमारियों का प्रकोप बढ़ गया है. मानसून और रिकॉर्ड तोड़ बारिश के बाद बड़ी संख्या में लोग बुखार, खांसी और गले की खराश जैसी परेशानियों से जूझ रहे हैं. ऐसे में लोगों के मन में यह सवाल उठ रहा है कि क्या COVID-19 फिर से लौट आया है या कोई नया वायरस फैल रहा है?
हाल ही में किए गए एक सर्वे में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. नई दिल्ली, गुरुग्राम, नोएडा और गाजियाबाद जैसे इलाकों में 69 प्रतिशत घरों में इस वक्त लोग फ्लू या किसी न किसी तरह के वायरल इंफेक्शन की चपेट में हैं. इस वजह से लोगों में घबराहट और डर भी बढ़ रहा है.
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि इस समय COVID नहीं बल्कि H3N2 इनफ्लुएंजा A स्ट्रेन तेजी से फैल रहा है. एक्सपर्ट्स ने बताया, "इसके शुरुआती लक्षण बिल्कुल COVID जैसे हैं, जैसे तेज बुखार, ठंड लगना, गले में खराश, लगातार खांसी, सिरदर्द, बदन दर्द और थकान. बच्चों में उल्टी-दस्त जैसे लक्षण भी देखने को मिल रहे हैं."
डॉक्टरों के अनुसार, यह वायरस खासकर बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और पहले से बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए खतरनाक साबित हो सकता है. गंभीर मामलों में मरीजों को सांस लेने में दिक्कत, ब्रोंकाइटिस या निमोनिया तक हो सकता है.
विशेषज्ञों का कहना है कि H3N2 कोई नया वायरस नहीं है, लेकिन इस बार इसके मामले पिछले कुछ सालों की तुलना में ज्यादा गंभीर रूप से सामने आ रहे हैं.
बुखार लंबे समय तक बना रह रहा है
खांसी और गले की खराश जल्दी ठीक नहीं हो रही
शरीर में कमजोरी और थकान लंबे समय तक बनी रह रही है
कुछ मरीजों में सांस लेने में दिक्कत और निमोनिया तक की समस्या
एक्सपर्ट्स का कहना है कि H3N2 के लक्षण दिखते ही तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें. उन्होंने सलाह दी कि-
शुरुआती लक्षण दिखने पर डॉक्टर से मिलें और एंटीवायरल दवाएं लें.
COVID-19 की तरह ही मास्क, सैनिटाइजर और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें.
संक्रमित लोगों से दूरी बनाए रखें.
H3N2 इनफ्लुएंजा की वैक्सीन लगवाना भी बेहद जरूरी है.
DISCLAIMER: ये आर्टिकल केवल सूचना के उद्देश्य से तैयार किया गया है. इसमें दी गई जानकारी किसी भी तरह से चिकित्सीय परामर्श का विकल्प नहीं है. First Updated : Saturday, 27 September 2025