भारत घूमने आई विदेशी महिला ट्रेन में असहज, टॉयलेट तक किया पीछा’, सोशल मीडिया पर छलका दर्द

विदेशी ट्रैवल व्लॉगर इनेस फारिया ने भारतीय ट्रेन में कुछ युवकों द्वारा पीछा करने और परेशान किए जाने का डरावना अनुभव साझा किया.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

नई दिल्ली: भारत अपनी मेहमाननवाजी और 'अतिथि देवो भव:' की परंपरा के लिए दुनियाभर में पहचाना जाता है. यहां आने वाले विदेशी पर्यटक अक्सर भारतीय संस्कृति, लोगों के व्यवहार और विविधता की तारीफ करते हैं. लेकिन जब किसी विदेशी महिला को इसी देश में असुरक्षा और डर का सामना करना पड़े, तो यह समाज और व्यवस्था दोनों के लिए चिंता का विषय बन जाता है. हाल ही में एक विदेशी ट्रैवल व्लॉगर के साथ भारतीय ट्रेन में हुई घटना ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर फिर बहस छेड़ दी है.

इनेस ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया वीडियो 

विदेशी ट्रैवल व्लॉगर इनेस फारिया हैं. ये भारत के अलग-अलग हिस्सों की यात्रा कर अपने अनुभव सोशल मीडिया पर साझा करती हैं. उन्होंने हाल ही में ट्रेन सफर के दौरान अपने साथ हुई एक परेशान करने वाली घटना का खुलासा किया. इनेस ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट कर बताया कि 3AC कोच में सफर करते समय उन्हें कुछ युवकों की हरकतों से बेहद असहज महसूस हुआ.

उनके मुताबिक, सफर के दौरान उनकी सीट के सामने 4-5 लड़कों का एक समूह आकर बैठ गया. इनेस ने बताया कि उनमें से एक युवक लगातार उन्हें घूर रहा था, जबकि बाकी भी बार-बार सीट बदलकर उनकी तरफ देख रहे थे. उन्होंने कहा कि पूरे माहौल से उन्हें डर और असुरक्षा महसूस होने लगी थी.

स्थिति तब और गंभीर हो गई जब इनेस वहां से निकलकर दूसरे कोच के वॉशरूम की तरफ गईं. उनका आरोप है कि उन लड़कों में से एक युवक उनके पीछे-पीछे वहां तक पहुंच गया. इनेस ने बताया कि जब वह वॉशरूम के अंदर थीं, तब उस युवक ने दरवाजा खोलने की कोशिश भी की. हालांकि, उसी समय उनका दोस्त वहां पहुंच गया, जिसने युवक की हरकत को देख लिया था. इसके बाद मामला और बढ़ने से पहले स्थिति संभाल ली गई.

इनेस ने रेलवे स्टाफ से की शिकायत 

घटना के तुरंत बाद इनेस और उनके दोस्त ने रेलवे स्टाफ से शिकायत की. रेलवे अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई की और दोनों को 3AC से 2AC कोच में शिफ्ट कर दिया. इनेस ने रेलवे कर्मचारियों की मदद की सराहना करते हुए कहा कि स्टाफ ने समय रहते उनकी सहायता की, जिससे उन्हें सुरक्षित महसूस हुआ.

इनेस का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है. वीडियो पर बड़ी संख्या में लोग प्रतिक्रिया दे रहे हैं. कई भारतीय महिलाओं ने भी कमेंट कर कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर असुरक्षित महसूस करना उनके लिए कोई नई बात नहीं है. कुछ लोगों ने इसे महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताते हुए सख्त कदम उठाने की मांग की है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो