अप्रेजल के बाद कर्मचारी रह गया हैरान, कंपनी ने थमाई SUV कार की चाबी
दिल्ली की एक कंपनी ने कर्मचारी प्रत्युष सिंह को अप्रेजल मीटिंग के बाद सरप्राइज गिफ्ट के तौर पर नई SUV कार दी. इस अनोखे सम्मान को कर्मचारी ने कंपनी के भरोसे और असली स्टार्टअप कल्चर की मिसाल बताया.

नई दिल्ली: दिल्ली में एक कर्मचारी के लिए उसकी सालाना अप्रेजल मीटिंग जिंदगी का यादगार पल बन गई. आमतौर पर कर्मचारी अप्रेजल के दौरान सैलरी बढ़ोतरी, बोनस या परफॉर्मेंस पर चर्चा की उम्मीद लेकर जाते हैं, लेकिन इस बार मामला बिल्कुल अलग था. कर्मचारी को मीटिंग के बाद ऐसा सरप्राइज मिला, जिसकी उसने कभी कल्पना भी नहीं की थी.
प्रत्युष सिंह ने लिंक्डइन पर साझा किया अनुभव
Digiwhistle कंपनी में काम करने वाले प्रत्युष सिंह ने इस अनुभव को लिंक्डइन पर साझा किया. उन्होंने बताया कि वह हर साल की तरह इस बार भी अपनी परफॉर्मेंस, उपलब्धियों और आने वाले समय के लक्ष्यों पर चर्चा करने के इरादे से अप्रेजल मीटिंग में पहुंचे थे. उन्हें लगा कि बातचीत सामान्य तरीके से होगी और शायद वेतन वृद्धि या भविष्य की जिम्मेदारियों पर चर्चा होगी.
प्रत्युष के मुताबिक, मीटिंग के दौरान कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनके काम की काफी सराहना की. उन्हें बताया गया कि बीते साल उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया है और कंपनी उनकी प्रगति से बेहद संतुष्ट है. बातचीत खत्म होने के बाद Digiwhistle के को-फाउंडर और चार्टर्ड अकाउंटेंट दीपक भाटी ने उनसे कहा कि बाहर उनके लिए एक 'अप्रेजल गिफ्ट' रखा हुआ है.
जब प्रत्युष मीटिंग रूम से बाहर निकले, तो वहां एक नई SUV कार खड़ी थी. यह देखकर वह पूरी तरह चौंक गए. उन्होंने कहा कि उन्हें कुछ देर तक समझ ही नहीं आया कि आखिर यह सब सच में हो रहा है. उनके मुताबिक, उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि किसी अप्रेजल के दौरान इस तरह का अनोखा तोहफा भी मिल सकता है.
प्रत्युष ने अपने पोस्ट में क्या लिखा?
प्रत्युष ने अपने पोस्ट में लिखा कि आमतौर पर कंपनियां कर्मचारियों को बोनस, इंक्रीमेंट या ESOP देती हैं, लेकिन इस बार उन्हें ऐसा उपहार मिला जो उनके लिए बेहद खास और भावुक कर देने वाला था. उन्होंने इसे सिर्फ इनाम नहीं बल्कि कंपनी की ओर से भरोसे और सम्मान का प्रतीक बताया.
उन्होंने यह भी कहा कि दीपक भाटी ने कार की चाबी सौंपते हुए कहा, “जब हम कहते हैं कि साथ में आगे बढ़ेंगे, तो उसका मतलब सच में साथ आगे बढ़ना होता है.” प्रत्युष के अनुसार, इस तरह की सराहना कर्मचारियों को और बेहतर काम करने के लिए प्रेरित करती है. उन्होंने इसे असली स्टार्टअप कल्चर की मिसाल बताया, जहां कर्मचारियों की मेहनत को सिर्फ शब्दों से नहीं बल्कि खास तरीके से सम्मान दिया जाता है.


