बालकनी से कबूतरों को भगाने का सस्ता और असरदार तरीका, अपनाएं ये ट्रिक आते ही उड़ जाएंगे पक्षी

घर की बालकनी और खिड़कियों पर कबूतरों का जमावड़ा और उनकी गंदगी लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन चुकी है. लेकिन अब महंगे जाल या केमिकल की जरूरत नहीं है. इस आसान जुगाड़ से आप मिनटों में कबूतरों से छुटकारा पा सकते हैं.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

नई दिल्ली: आजकल शहरों में बालकनी, खिड़की और छत पर कबूतरों का जमावड़ा लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनता जा रहा है. कबूतर सिर्फ गंदगी ही नहीं फैलाते, बल्कि उनकी बीट में मौजूद बैक्टीरिया और फंगस कई तरह की बीमारियों का खतरा भी बढ़ा सकते हैं. ऐसे में लोग महंगे जाल, स्पाइक्स और केमिकल्स का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन इससे जेब पर भारी खर्च पड़ता है.

इसी बीच संयुक्त राज्य अमेरिका के एक यूट्यूब चैनल पर कबूतरों को भगाने का बेहद आसान और पूरी तरह मुफ्त तरीका वायरल हो रहा है. इस अनोखी ट्रिक में किसी महंगे सामान की जरूरत नहीं पड़ती, बल्कि घर की रसोई में इस्तेमाल होने वाला साधारण फॉइल पेपर ही कबूतरों को दूर रखने का काम करता है.

क्यों डरते हैं कबूतर फॉइल पेपर से?

जानकोरों के मुताबिक कबूतरों की आंखें काफी संवेदनशील होती हैं. फॉइल पेपर पर जब सूरज की रोशनी पड़ती है, तो उससे तेज चमक पैदा होती है. यह चमक कबूतरों को असहज कर देती है. इसके अलावा हवा चलने पर फॉइल पेपर से निकलने वाली सरसराहट और खड़खड़ाहट की आवाज भी उन्हें डराती है. कबूतरों को ऐसा महसूस होता है जैसे वहां कोई शिकारी या खतरा मौजूद है, जिसके कारण वे उस जगह पर बैठने से बचते हैं.

पहला तरीका

कबूतर सबसे ज्यादा बालकनी की रेलिंग और खिड़की की ग्रिल पर बैठना पसंद करते हैं. ऐसे में आप फॉइल पेपर को पूरी रेलिंग पर अच्छी तरह लपेट सकते हैं. इसे सेलो टेप या धागे की मदद से फिक्स कर दें. जैसे ही कबूतर वहां बैठने की कोशिश करेंगे, चमक और फिसलन जैसी सतह के कारण वे तुरंत उड़ जाएंगे. यह तरीका सबसे आसान और असरदार माना जा रहा है.

दूसरा तरीका

अगर आप पूरी रेलिंग को कवर नहीं करना चाहते, तो फॉइल पेपर की लंबी पट्टियां काटकर उन्हें लकड़ी या प्लास्टिक की डंडी पर बांध दें. अब इस डंडी को रस्सी की मदद से बालकनी की छत या किसी हुक पर लटका दें. हवा चलने पर ये चमकदार झालर लगातार हिलती रहती है और तेज रिफ्लेक्शन पैदा करती है. इससे कबूतर आसपास आने से भी कतराते हैं.

तीसरा तरीका

अक्सर कबूतर बालकनी में रखे गमलों में घोंसला बना लेते हैं और पौधों को नुकसान पहुंचाते हैं. इससे बचने के लिए छोटी लकड़ियों पर फॉइल पेपर को झंडे की तरह लपेट दें और उन्हें गमलों की मिट्टी में लगा दें. इन रिफ्लेक्टिव फ्लैग्स की चमक और हलचल कबूतरों को दूर रखेगी और वे वहां अंडे देने या घोंसला बनाने नहीं आएंगे.

पुराने फॉइल पेपर से भी चलेगा काम

इस ट्रिक की सबसे खास बात यह है कि इसके लिए नया फॉइल पेपर खरीदने की जरूरत नहीं है. खाना पैक करने या टिफिन में इस्तेमाल होने वाला पुराना फॉइल पेपर भी बेहद कारगर साबित हो सकता है. दरअसल थोड़ा मुड़ा-तुड़ा फॉइल पेपर ज्यादा बेहतर काम करता है, क्योंकि उसकी सतह से रोशनी अलग-अलग दिशाओं में रिफ्लेक्ट होती है, जिससे कबूतर ज्यादा डरते हैं.

पक्षियों को नहीं पहुंचता कोई नुकसान

कई लोग कबूतरों को भगाने के लिए नुकीले कांटे, जहरीले स्प्रे या खतरनाक केमिकल्स का इस्तेमाल करते हैं, जिससे पक्षियों को चोट पहुंच सकती है. लेकिन फॉइल पेपर वाला यह तरीका पूरी तरह सुरक्षित और इको-फ्रेंडली माना जा रहा है. इस उपाय में कबूतरों को किसी तरह का नुकसान नहीं होता, बल्कि सिर्फ उनकी प्राकृतिक प्रवृत्ति और डर का इस्तेमाल कर उन्हें घर से दूर रखा जाता है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो