हरिद्वार में गंगा घाट पर एक-दूसरे को Kiss करने लगे युवक, फिर पुलिस ने उतारा नशा
हरिद्वार के हर की पौड़ी क्षेत्र में गंगा आरती के बाद शराब के नशे में धुत चार युवकों ने कथित तौर पर महिलाओं से अभद्रता और गंगा घाट पर हुड़दंग किया. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया.

हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार में चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के बीच धार्मिक नगरी की मर्यादा को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. हर की पौड़ी क्षेत्र में गंगा आरती के बाद शराब के नशे में धुत चार युवकों ने जमकर हुड़दंग मचाया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया.
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. आरोप है कि युवकों ने बाजार और गंगा घाट पर महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया और सार्वजनिक स्थान पर अशोभनीय हरकतें कीं. मामले के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और तीर्थ पुरोहितों में भारी नाराजगी देखी जा रही है.
बाजार में महिलाओं से की अभद्रता
बताया जा रहा है कि बुधवार देर शाम गंगा आरती समाप्त होने के बाद चार युवक नशे की हालत में हर की पौड़ी के पास स्थित बाजार में घूम रहे थे.
भीड़भाड़ वाले इलाके में युवकों ने दुकानदारों और वहां से गुजर रही महिलाओं के साथ बदसलूकी की. आरोप है कि वे महिलाओं को कोहनी मारने, पैर और कंधे से छूकर परेशान करने जैसी हरकतें कर रहे थे.
स्थानीय लोगों ने युवकों की गतिविधियों को अपने मोबाइल कैमरों में रिकॉर्ड कर लिया.
गंगा घाट पर पहुंचकर किया हंगामा
बाजार में उत्पात मचाने के बाद चारों युवक गंगा घाट पहुंच गए और वहां स्नान करने लगे.
इसी दौरान स्थानीय लोगों ने हर की पौड़ी पुलिस चौकी को सूचना दी.
पुलिस को देखते ही उतरा नशा
सूचना मिलने के बाद हर की पौड़ी चौकी इंचार्ज संजीत कंडारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे.
पुलिस ने गंगा में स्नान कर रहे युवकों को बाहर निकाला और हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया.
पुलिस कार्रवाई होते ही चारों युवक हाथ जोड़कर माफी मांगने लगे.
जांच में सामने आई यह जानकारी
शुरुआत में इन युवकों को हरियाणा का निवासी माना जा रहा था, लेकिन जांच के दौरान पता चला कि चारों युवक उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं.
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
तीर्थ पुरोहितों में भारी नाराजगी
इस घटना को लेकर हरिद्वार के तीर्थ पुरोहित उज्ज्वल पंडित ने नाराजगी जताई है.
उन्होंने बताया कि आरती के बाद लौटते समय उन्होंने युवकों को दुकानदारों और महिलाओं से बदसलूकी करते देखा था. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.
उज्ज्वल पंडित ने कहा, "हरिद्वार आने वाले हर श्रद्धालु का दिल से स्वागत है, लेकिन शराब के नशे में तीर्थ स्थलों को मौज-मस्ती का अड्डा बनाना और महिलाओं से अभद्रता करना किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा."
उन्होंने आगे कहा, "हमारी नफरत किसी राज्य के लोगों से नहीं बल्कि ऐसे हुड़दंगियों से है जो हमारी आस्था के केंद्रों का सम्मान नहीं करना जानते."
हरिद्वार हर की पैड़ी क्षेत्र में हरियाणा से आए दो व्यक्तियों ने राह चलते-चलते महिला के साथ अश्लील हरकत कर डाली,गंगा सभा के वरिष्ठ पदाधिकरी उज्जवल पंडित ने युवकों का पीछा किया और युवकों की इस पूरी हरकत को कैमरे में कैद कर पुलिस को सूचित किया। pic.twitter.com/M1k4VkfbeI
— Mahipal Singh Rawat (@MahipalRawat18) May 27, 2026
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों ने नाराजगी जाहिर की है. कई यूजर्स ने धार्मिक स्थलों पर सख्त निगरानी और कार्रवाई की मांग की है.


