बिना कुकिंग के तैयार हो जाएंगे ये 7 तरह के ब्रेकफास्ट, गैस सिलेंडर की भी होगी बचत
कई जगहों पर गैस सिलेंडर की किल्लत के बीच लोग घरेलू गैस की बचत करने के नए तरीके तलाश रहे हैं. ऐसे में अगर बिना गैस जलाए ही पौष्टिक और स्वादिष्ट नाश्ता तैयार हो जाए तो यह न सिर्फ समय बचाता है बल्कि गैस सिलेंडर भी ज्यादा दिनों तक चल सकता है

नई दिल्ली: गैस सिलेंडरों की कमी से कई लोग परेशान हैं और वे कम से कम गैस का इस्तेमाल करके काम चलाने के तरीके ढूंढ रहे हैं. तो आइए, आज हम आपके साथ कुछ ऐसी रेसिपी शेयर करते हैं जो न सिर्फ आपका समय बचाती हैं, बल्कि गैस और पैसे की भी बचत करती हैं और साथ ही ये बेहद पौष्टिक और ज़ायकेदार भी हैं.
घर में बच्चों से लेकर बड़ों तक के लिए ऐसे कई ब्रेकफास्ट विकल्प मौजूद हैं जिन्हें बिना कुकिंग के आसानी से तैयार किया जा सकता है. ये रेसिपी पेट को लंबे समय तक भरा रखने के साथ-साथ स्वाद और सेहत दोनों का ख्याल रखती हैं.
स्प्राउट चाट
स्प्राउट चाट एक हेल्दी और आसान नाश्ता है. इसके लिए काला चना और मूंग को रातभर पानी में भिगोकर रखें. अगले दिन पानी छानकर इन्हें ढंककर रख दें, जिससे ये अंकुरित हो जाएंगे.
अब इसमें कटे हुए प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, हरी धनिया, नींबू का रस और स्वादानुसार नमक मिलाएं. कुछ ही मिनटों में टेस्टी स्प्राउट चाट तैयार हो जाएगी, जिसे बच्चे और बड़े दोनों पसंद से खा सकते हैं.
दही चूड़ा
उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में चिवड़ा या पोहा आसानी से मिल जाता है. इसे हल्का धोकर थोड़ी देर के लिए भिगो दें और फिर दही में मिलाकर रखें. इसके बाद स्वादानुसार नमक या चीनी डालकर खाया जा सकता है. चाहें तो इसमें कच्चा प्याज, हरी मिर्च और कटी हुई हरी धनिया भी मिलाकर इसका स्वाद और बढ़ाया जा सकता है.
ओवरनाइट ओट्स
अगर आप हेल्दी विकल्प तलाश रहे हैं तो ओवरनाइट ओट्स भी एक अच्छा नाश्ता हो सकता है. इसके लिए ओट्स को रातभर दूध या दही में भिगोकर रख दें. अगली सुबह इसे सीधे खाया जा सकता है. स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें शहद या चीनी मिलाई जा सकती है.
फ्रूट चाट
फ्रूट चाट स्वादिष्ट और पौष्टिक ब्रेकफास्ट या स्नैक्स का बेहतरीन विकल्प है. इसमें सेब, केला, पपीता, संतरा, अंगूर, चीकू या कीवी जैसे मनपसंद फल मिलाकर तैयार किया जा सकता है.
ध्यान रखें कि बहुत खट्टे फलों को मीठे फलों जैसे केले के साथ मिलाकर फ्रूट चाट बनाने से बचें.
वेजिटेबल सैंडविच
वेजिटेबल सैंडविच भी बिना गैस के तैयार होने वाला आसान नाश्ता है. इसके लिए ब्रेड स्लाइस लें और उसमें प्याज, टमाटर, खीरा और शिमला मिर्च डालें.
इसके साथ मेयोनीज या घर पर बना मेयोनीज मिलाकर सॉस डालें और सैंडविच तैयार करें.
भेलपूरी
भेलपूरी बनाने के लिए भेल या लाई लें और उसमें कटे हुए प्याज, टमाटर, खीरा, नींबू का रस, सेव और नमक मिलाएं.
कुछ ही मिनटों में चटपटी भेलपूरी तैयार हो जाएगी, जो पेट भरने के साथ स्वाद भी बढ़ाएगी.
सत्तू का शरबत
अगर आप ऐसा विकल्प चाहते हैं जिससे पेट भी भरे और सेहत भी बनी रहे, तो सत्तू का शरबत एक अच्छा विकल्प है.
इसे थोड़ा गाढ़ा बनाकर इसमें नमक, चीनी और चाट मसाला मिलाकर पिया जा सकता है.


