बाल झड़ने की समस्या अब सिर्फ कुछ लोगों तक ही सीमित नहीं रह गई है. आजकल बदलती जीवनशैली के कारण युवा लोग भी बाल झड़ने की समस्या से जूझ रहे हैं. महिला हो या पुरुष, बाल झड़ने की समस्या से हर कोई परेशान रहता है. दरअसल, बाल झड़ने की समस्या से छुटकारा पाने के लिए आजकल ज्यादातर लोग रासायनिक शैंपू का इस्तेमाल करते हैं, जो बालों का झड़ना रोकने की बजाय कई बार और अधिक बालों के झड़ने का कारण बनते हैं. हालांकि, इसका इलाज आयुर्वेदिक तरीकों से किया जा सकता है.
अपने बालों में ब्राह्मी तेल का उपयोग कर सकते हैं. इसका तेल बालों पर लगाने से बाल स्वस्थ रहते हैं और घने बनते हैं. इसे लगाने से सिर की त्वचा में रक्त प्रवाह बेहतर होता है, जिससे बालों को प्राकृतिक पोषण मिलता है. इसके प्रयोग से बालों का झड़ना कम हो जाता है.
आप अपने बालों पर ब्राह्मी पाउडर का हेयर मास्क भी लगा सकते हैं. इसे बनाने के लिए सबसे पहले दो से तीन बड़े चम्मच ब्राह्मी पाउडर लें और इसे पानी के साथ मिलाकर पेस्ट बना लें. अब इस पेस्ट को बालों पर अच्छी तरह लगाएं और करीब आधे घंटे तक रखने के बाद माइल्ड शैम्पू से धो लें. यह बालों को मजबूत बनाने के साथ-साथ स्कैल्प को भी स्वस्थ रखता है.
ब्राह्मी और नीम दोनों ही बालों के लिए बहुत फायदेमंद हैं. बालों में नीम का उपयोग करने से रूसी और स्कैल्प की समस्याओं से छुटकारा मिलता है. आप इसे आसानी से उपयोग कर सकते हैं. इसके लिए सबसे पहले ब्राह्मी पाउडर और नीम पाउडर को बराबर मात्रा में लें और इसे पानी में मिलाकर घोल तैयार कर लें. अब इसे सिर और त्वचा पर लगाकर आधे घंटे के लिए छोड़ दें. अब इसे शैम्पू से धो लें. First Updated : Thursday, 13 March 2025