रोज डे: गुलाब के रंगों में छिपी हैं दिल की बातें, जानिए हर कलर का खास मतलब

आज 7 फरवरी से शुरू हो गया है वैलेंटाइन वीक का रोमांटिक सफर. इस प्यार भरे हफ्ते में रोज डे से शुरुआत होती है, फिर प्रपोज, चॉकलेट, टेडी, प्रॉमिस, हग, किस और आखिर में 14 फरवरी को वैलेंटाइन डे. रोज डे पर गुलाब देकर दिल की बात कहते हैं लोग. लेकिन हर रंग का गुलाब अलग संदेश देता है. तो चलिए जानते है कैसे सही गुलाब चुनकर इजहार को और खास बनाए.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

वैलेंटाइन वीक की शुरुआत 7 फरवरी को रोज डे से होती है, जहां लोग अपने प्यार, दोस्ती और भावनाओं को गुलाब के जरिए व्यक्त करते हैं. इस दिन से शुरू होने वाला यह रोमांटिक हफ्ता प्रपोज डे, चॉकलेट डे, टेडी डे, प्रॉमिस डे, हग डे, किस डे से होते हुए 14 फरवरी को वैलेंटाइन डे पर खत्म होता है. गुलाब सिर्फ एक फूल नहीं, बल्कि भावनाओं की भाषा है. लाल हो या सफेद, पीला हो या गुलाबी, हर रंग एक अलग संदेश देता है.

रोज डे पर लोग न सिर्फ प्रेमी-प्रेमिका, बल्कि दोस्तों और परिवार को भी गुलाब देते हैं. यह दिन किसी भी रिश्ते में खुशियां और अपनापन बढ़ाने का बेहतरीन मौका देता है. तो आइए जानते हैं रोज डे की शुरुआत कैसे हुई और अलग-अलग रंगों के गुलाब का क्या मतलब होता है.

रोज डे क्यों मनाया जाता है? इतिहास और महत्व 

रोज डे का कोई धार्मिक या सांस्कृतिक आधार नहीं है, लेकिन यह वैलेंटाइन वीक का पहला दिन होने के कारण खास है. गुलाब को सदियों से प्रेम का प्रतीक माना जाता रहा है. ग्रीक मिथकों में इसे एफ्रोडाइट (प्रेम की देवी) से जोड़ा गया, जबकि रोमन परंपरा में वीनस से इसका संबंध था. विक्टोरियन युग में 'फ्लोरियोग्राफी' यानी फूलों की भाषा बहुत लोकप्रिय थी, जहां लोग बिना बोले गुलाब देकर अपनी भावनाएं जाहिर करते थे.

भारत में भी इसका खास नाता रहा है. मुगल बादशाह जहांगीर अपनी बेगम नूरजहां को खुश करने के लिए ढेर सारे लाल गुलाब भेजा करते थे, क्योंकि उन्हें यह रंग बहुत पसंद था. आज यह परंपरा पूरी दुनिया में फैल चुकी है और रोज डे पर गुलाब देकर लोग अपने रिश्तों को और मजबूत बनाते हैं.

लाल गुलाब  का मतलब

लाल गुलाब रोमांस, जुनून और गहरे प्रेम का सबसे क्लासिक प्रतीक है. वैलेंटाइन वीक में अगर आपको किसी से प्यार का इजहार करना है, तो लाल गुलाब सबसे बेहतरीन विकल्प है. बिना कुछ कहे यह फूल दिल की हर बात कह देता है.

सफेद गुलाब का मतलब

सफेद गुलाब प्यार के साथ-साथ सम्मान, शांति और पवित्रता को दर्शाता है. इसे किसी भी रिश्ते में दिया जा सकता है. चाहे वह प्रेम हो या दोस्ती. नए रिश्ते की शुरुआत या शांति का संदेश देने के लिए सफेद गुलाब बेस्ट माना जाता है.

पीला गुलाब का मतलब

पीला गुलाब दोस्ती, खुशी और सकारात्मक ऊर्जा का सिंबल है. रोज डे पर अपने बेस्ट फ्रेंड को पीला गुलाब देकर आप उनकी जिंदगी में हमेशा खुशियां बनी रहने की कामना कर सकते हैं. यह गुलाब नए दोस्त बनाने या पुरानी दोस्ती निभाने के लिए भी दिया जाता है.

गुलाबी गुलाब का  मतलब

गुलाबी गुलाब प्रशंसा, देखभाल और रिश्ते में मिठास का प्रतीक है. क्रश को, नई शुरुआत को या थैंक्यू कहने के लिए यह परफेक्ट है. कपल्स एक-दूसरे की खूबसूरती और एलिगेंस की तारीफ के लिए भी गुलाबी गुलाब चुन सकते हैं.

नारंगी गुलाब का मतलब

नारंगी गुलाब लाइक करने की फीलिंग्स, उत्साह और खुशी को जाहिर करता है. अगर आप किसी को पसंद करते हैं और इसे बताना चाहते हैं, तो नारंगी गुलाब दें. यह शक्ति और एनर्जी का भी प्रतीक है, इसलिए मददगार लोगों को भी दिया जा सकता है.

पीच गुलाब का मतलब

पीच कलर का गुलाब सादगी, विनम्रता, ईमानदारी और दया को दर्शाता है. खासकर महिलाओं को यह बहुत पसंद आता है. किसी रिश्ते में विश्वास और ईमानदारी दिखाने के लिए पीच गुलाब एकदम सही है.

नीला गुलाब का मतलब

नीला गुलाब संवेदनशीलता और भावनाओं को बेहतर तरीके से शेयर करने का माध्यम है. रोज डे पर कुछ लोग इसे चुनते हैं ताकि अपनी फीलिंग्स को और गहराई से व्यक्त कर सकें.

काला गुलाब का मतलब

काला गुलाब रोज डे पर कुछ लोग विदाई, अंत या किसी बड़े बदलाव के लिए देते हैं. यह दुर्लभ और अनोखा विकल्प है, जो मजबूत भावनाओं को दर्शाता है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag