PM मोदी के स्वागत के लिए मलेशिया में भव्य आयोजन, विशाल नृत्य प्रदर्शन से बनेगा वर्ल्ड रिकॉर्ड
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज से दो दिवसीय मलेशिया दौरे पर रहेंगे. 7-8 फरवरी के इस दौरे के दौरान पीएम मोदी मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहीम के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे, जिसमें रक्षा और व्यापार सहयोग जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी.

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री मोदी 7-8 फरवरी को मलेशिया दौरे पर रहेंगे. अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान पीएम मोदी मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहीम से रक्षा और व्यापर सहयोग जैस अहम मुद्दों पर चर्चा करेंगे.
पीएम मोदी के स्वागत में मलेशिया में रह रहे भारतीय प्रवासी समुदाय ने विशेष तैयारियां की है। पीएम मोदी के स्वागत में 800 से अधिक कलाकारों द्वारा विशाल नृत्य प्रदर्शन किया जाएगा, जिसके जरिए मलेशियाई बुक ऑफ रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराने का लक्ष्य रखा गया है.
7-8 फरवरी को मलेशिया दौरे पर रहेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 7 और 8 फरवरी को मलेशिया का दौरा करेंगे. वह शनिवार दोपहर कुआलालंपुर पहुंचेंगे और शाम को भारतीय प्रवासियों को संबोधित करेंगे. इसके बाद मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहीम के साथ उनकी द्विपक्षीय बैठक प्रस्तावित है.
'सेलामत दातांग मोदी जी' कार्यक्रम में होगा भव्य स्वागत
पीएम मोदी के स्वागत में 'सेलामत दातांग मोदी जी' नाम से सामुदायिक स्वागत समारोह आयोजित किया जाएगा. इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी और मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहीम लगभग 15,000 लोगों की संभावित भीड़ को संबोधित करेंगे.
800 से अधिक कलाकार करेंगे एक साथ नृत्य प्रदर्शन
इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विशाल नृत्य प्रस्तुति होगी, जिसमें 800 से अधिक कलाकार एक साथ भाग लेंगे. आयोजकों के अनुसार यह प्रदर्शन ‘भारतीय शास्त्रीय और लोक नृत्य शैलियों का सबसे बड़ा समूह’ होगा और इसके जरिए रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया जा रहा है.
भारतीय शास्त्रीय और लोक नृत्यों का होगा संगम
करीब पांच मिनट तक चलने वाले इस नृत्य में भारतीय संस्कृति की विविध झलक देखने को मिलेगी. इसमें भरतनाट्यम, ओडिसी, कथक, कथकली, मोहिनियाट्टम और कुचिपुड़ी जैसी शास्त्रीय नृत्य शैलियों के साथ यक्षगान, लावणी, पंजाबी, राजस्थानी, ओडिया, बिहू, तमिल लोक सहित कई क्षेत्रीय लोक नृत्य शामिल होंगे.
भारतीय समुदाय की एकता का प्रतीक: बीएन रेड्डी
भारतीय उच्चायुक्त बीएन रेड्डी ने कहा कि मलेशिया में दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी भारतीय मूल की आबादी रहती है और यह तीसरा सबसे बड़ा भारतीय प्रवासी समुदाय भी है. उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का नारा ‘सेलामत दातांग मोदी जी’ का अर्थ ‘स्वागत मोदी जी’ है, जो भारतीय समुदाय की गर्मजोशी और एकता को दर्शाता है.
रक्षा और व्यापार सहयोग पर होगी अहम बातचीत
एएनआई के अनुसार, विदेश मंत्रालय ने बताया कि इस दौरे के दौरान भारत रक्षा क्षेत्र में सहयोग के नए अवसर तलाश रहा है. इसमें डोर्नियर विमानों की बिक्री, स्कॉर्पीन पनडुब्बियों और एसयू-30 विमानों के रखरखाव जैसे विषय शामिल हैं.
भारत-मलेशिया संबंधों को मिलेगी नई गति
इस दौरे के दौरान पीएम मोदी भारतीय प्रवासियों और व्यापार प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे. मलेशिया भारत के लिए आसियान और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में एक अहम साझेदार है और भारत की एक्ट ईस्ट नीति का प्रमुख स्तंभ माना जाता है.
यह प्रधानमंत्री मोदी का तीसरा मलेशिया दौरा है और अगस्त 2024 में द्विपक्षीय संबंधों को ‘व्यापक रणनीतिक साझेदारी’ का दर्जा दिए जाने के बाद यह उनका पहला दौरा होगा.


