एकतरफा प्यार, यानी वो मोहब्बत जो सिर्फ आपके दिल में है, एक ऐसा एहसास है जो जितना हसीन लगता है, उतना ही तकलीफदेह भी होता है. शुरुआत में जब किसी के लिए दिल धड़कता है, तो उम्मीदें पनपने लगती हैं. लेकिन जब सामने वाले के व्यवहार में वो अपनापन, वो जुड़ाव नज़र नहीं आता, तब यह रिश्ता एकतरफा साबित होता है. ऐसे में यह जरूरी है कि आप समय रहते समझें कि आप एकतरफा मोहब्बत में हैं और इससे बाहर निकलना आपके मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य के लिए जरूरी हो सकता है.
दो लोगों का रिश्ता एक दो-पहिए वाली गाड़ी की तरह होता है. अगर एक पहिया जरा भी ठीक से काम न करे तो पूरी गाड़ी लड़खड़ाकर गिर जाती है. ठीक वैसे ही, जब प्यार में सिर्फ एक इंसान कोशिश कर रहा हो, तो वो रिश्ता जल्द या देर से टूट ही जाता है. एकतरफा प्यार में इंसान अकेले ही भावनाओं का बोझ ढोता है—बिना किसी साथ, बिना किसी जवाबदेही के.
अगर आप ही हमेशा मिलने की बात करते हैं, और सामने वाला बार-बार टालमटोल करता है या बहुत ज़ोर देने पर ही मिलने को तैयार होता है, तो ये एक संकेत है कि आपके जज़्बातों की अहमियत सामने वाले के लिए नहीं है.
अगर हर बार आप ही मैसेज करते हैं, कॉल करते हैं, और उधर से कोई खास दिलचस्पी नहीं दिखाई देती, तो यह साफ इशारा है कि यह मोहब्बत सिर्फ आपकी तरफ से हो रही है.
आजकल एक टर्म प्रचलित है—ब्रेडक्रंबिंग. इसका मतलब है, सामने वाला थोड़े-थोड़े संकेत देकर आपको उम्मीद में बनाए रखता है, लेकिन कभी साफ तौर पर रिश्ते की बात नहीं करता. यह भ्रम पैदा करता है कि शायद उनके दिल में भी फीलिंग्स हैं, जबकि सच्चाई यह होती है कि वह कमिटमेंट से बचना चाहते हैं.
एकतरफा मोहब्बत सिर्फ दिल ही नहीं तोड़ती, बल्कि आपकी मेंटल हेल्थ पर भी असर डालती है. अकेलापन, घुटन, बेचैनी—ये सब भावनाएं आपको धीरे-धीरे कमजोर बना सकती हैं. इसका असर आपकी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ दोनों पर पड़ता है.
अगर आपको लग रहा है कि आप एकतरफा प्यार में हैं, तो सबसे पहले खुद से ईमानदारी से सवाल करें—क्या यह इंसान वाकई आपकी ज़िंदगी में होना चाहता है? अगर जवाब ‘नहीं’ है, तो बेहतर है कि आप खुद को उस रिश्ते से अलग करें. दर्द जरूर होगा, लेकिन वह एक लंबी तकलीफ से आपको बचा सकता है. First Updated : Tuesday, 17 June 2025