नई दिल्ली: विदेश यात्रा की योजना बना रहे लोगों के लिए पासपोर्ट सबसे जरूरी डाक्यूमेंट्स में से एक है. लेकिन सामान्य प्रक्रिया के तहत पासपोर्ट बनने में अक्सर 30 से 45 दिन तक का समय लग सकता है. हालांकि, जिन लोगों को कम समय में पासपोर्ट की आवश्यकता होती है, उनके लिए तत्काल (Tatkaal) पासपोर्ट सेवा भी उपलब्ध है, जिसके जरिए 2 दिन के अंदर ही पासपोर्ट रेडी हो सकता है. क्या है वह प्रक्रिया चलिए जानते है.
तत्काल पासपोर्ट के लिए आवेदन ऑनलाइन या नजदीकी पासपोर्ट सेवा केंद्र के माध्यम से किया जा सकता है. आवेदन के दौरान नए पासपोर्ट, री-इश्यू और नाबालिगों के पासपोर्ट के लिए अलग-अलग शुल्क निर्धारित है. सामान्य तौर पर नए तत्काल पासपोर्ट के लिए लगभग 3,500 रुपये और नाबालिग आवेदकों के लिए करीब 3,000 रुपये का शुल्क लिया जाता है.
वहीं आवेदन करने के लिए कुछ जरूरी दस्तावेज भी साथ रखने होते हैं. वयस्क आवेदकों को आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, बैंक पासबुक, जन्म प्रमाणपत्र या अन्य वैध पहचान और पते के प्रमाण जैसे दस्तावेजों में से निर्धारित संख्या में प्रमाण देने होते हैं. वहीं, नाबालिगों के लिए अलग दस्तावेजी नियम लागू होते हैं.
ऑनलाइन आवेदन के लिए सबसे पहले पासपोर्ट सेवा पोर्टल या मोबाइल ऐप पर लॉग इन कर तत्काल श्रेणी का चयन करना होता है. इसके बाद आवेदन पत्र भरकर आवश्यक दस्तावेज अपलोड किए जाते हैं, अपॉइंटमेंट बुक की जाती है और शुल्क जमा किया जाता है.
खास बात है कि अगर आवेदक सुबह 8 से 9 बजे के बीच का पहला अपॉइंटमेंट स्लॉट चुनता है तो दस्तावेजों की जांच और आगे की प्रक्रिया उसी दिन जल्दी शुरू होने की संभावना बढ़ जाती है. इससे फाइल प्रोसेसिंग और प्रिंटिंग का काम भी तेज हो सकता है.
हालांकि, पासपोर्ट जारी होने की समय-सीमा काफी हद तक पुलिस वेरिफिकेशन पर निर्भर करती है. जिन मामलों में पुलिस वेरिफिकेशन की प्रोसेस जल्दी हो जाता है या नियमों के अनुसार इसकी आवश्यकता नहीं होती, वहां दो से तीन वर्किंग डेज के अंदर ही के पासपोर्ट मिल जाता है. इसलिए आवेदन करते समय सभी दस्तावेज सही रखना और समय पर वेरिफिकेशन पूरा कराना पासपोर्ट आवेदन की प्रक्रिया में अहम भूमिका निभाता है. First Updated : Saturday, 27 June 2026