Dhanteras 2025: धनतेरस हिंदू धर्म में अत्यंत पवित्र और शुभ माना जाता है. यह त्योहार दीपावली से दो दिन पहले कार्तिक मास की त्रयोदशी तिथि को मनाया जाता है. मान्यता है कि इस दिन भगवान धन्वंतरि अमृत कलश के साथ समुद्र मंथन से प्रकट हुए थे. इसी कारण इस दिन सोना, चांदी, बर्तन और झाड़ू जैसी वस्तुएं खरीदने की परंपरा है. हालांकि कई लोग यह जानना चाहते हैं कि जब धनतेरस इतना शुभ दिन है, तो क्या इस दिन नए घर में गृह प्रवेश करना सही होगा? तो आइए जानें इस सवाल का जवाब वास्तु शास्त्र और धार्मिक मान्यताओं के आधार पर.
धार्मिक दृष्टिकोण से देखा जाए तो धनतेरस के दिन गृह प्रवेश करना शुभ नहीं माना गया है. इसका मुख्य कारण यह है कि यह दिन चातुर्मास काल के अंतर्गत आता है, जिस दौरान विवाह, गृह प्रवेश, सगाई या नामकरण जैसे मांगलिक कार्य नही होते हैं.
वास्तु शास्त्र के अनुसार, धनतेरस के दिन वास्तु देवता सुप्तावस्था(सोने) में होते हैं. ऐसे समय में नया घर ग्रहण करना घर के लिए अशुभ फल ला सकता है. यह भी माना जाता है कि इस दिन घर में प्रवेश करने से नकारात्मक ऊर्जा और दुर्भाग्य का वास हो सकता है.
यह भी विश्वास किया जाता है कि धनतेरस के दिन गृह प्रवेश करने से परिवार को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ सकता है. घर की समृद्धि में बाधा आ सकती है और धन संबंधित समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं.
यदि आप धनतेरस के दिन कुछ शुभ कार्य करना चाहते हैं, तो आप निम्नलिखित कार्य कर सकते हैं:
पुराने घर की मरम्मत या नवीनीकरण कार्य के बाद उसमें प्रवेश कर सकते हैं.
नया व्यवसाय या व्यापार आरंभ कर सकते हैं, विशेष रूप से सोना-चांदी, दवाइयों, सौंदर्य प्रसाधन, या वाहन आदि का क्रय शुभ माना जाता है.
धनतेरस की बजाय दिवाली से कुछ दिन पहले या बाद में गृह प्रवेश करना अधिक शुभ होता है. अक्टूबर 2025 में गृह प्रवेश के लिए शुभ तिथियां उपलब्ध हैं:-
23 अक्टूबर 2025 (गुरुवार): सुबह 04:51 बजे से 24 अक्टूबर सुबह 06:28 बजे तक
24 अक्टूबर 2025 (शुक्रवार): सुबह 06:28 बजे से 25 अक्टूबर रात 01:19 बजे तक
29 अक्टूबर 2025 (बुधवार): सुबह 06:31 बजे से सुबह 09:23 बजे तक
धनतेरस का दिन खरीदारी और नया व्यवसाय शुरू करने के लिए शुभ है, लेकिन गृह प्रवेश जैसे मांगलिक कार्यों से इस दिन परहेज करना चाहिए. वास्तु और धार्मिक दोनों ही दृष्टिकोण से यह दिन गृह प्रवेश के लिए उपयुक्त नहीं माना गया है. ऐसे में परिवार की सुख-शांति और समृद्धि के लिए शुभ मुहूर्त का चयन कर ही गृह प्रवेश करें.
Disclaimer: ये धार्मिक मान्यताओं पर आधारित है, JBT इसकी पुष्टि नहीं करता. First Updated : Tuesday, 14 October 2025