बड़ा मंगल: कल बरसेगी बजरंगबली की कृपा, जानें शुभ मुहूर्त और पूजा विधि

ज्येष्ठ माह का दूसरा बड़ा मंगल 12 मई को मनाया जाएगा, जिसे हनुमान जी की पूजा के लिए बेहद शुभ माना जाता है. इस दिन विशेष पूजा, हनुमान चालीसा पाठ और मंगल दोष निवारण के उपाय करने से सुख-समृद्धि और बाधाओं से मुक्ति मिलने की मान्यता है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

ज्येष्ठ माह का दूसरा बड़ा मंगल 12 मई को मनाया जाएगा, जिसे कई स्थानों पर बुढ़वा मंगल के नाम से भी जाना जाता है. हिंदू धर्म में इस दिन का विशेष धार्मिक महत्व माना गया है, क्योंकि यह दिन भगवान हनुमान की आराधना के लिए बेहद शुभ माना जाता है. मान्यता है कि बड़े मंगल के दिन श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना करने से बजरंगबली की विशेष कृपा प्राप्त होती है और जीवन के कष्ट दूर होते हैं.

ज्येष्ठ माह के मंगलवार का किससे संबंध? 

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, ज्येष्ठ माह के मंगलवार का संबंध कई पौराणिक घटनाओं से जुड़ा हुआ है. कहा जाता है कि इसी दिन भगवान राम और हनुमान जी का प्रथम मिलन हुआ था, जिसने रामायण की कथा में महत्वपूर्ण मोड़ दिया. इसके अलावा एक मान्यता यह भी है कि ज्येष्ठ के मंगलवार को ही हनुमान जी ने महाभारत काल में भीम के अहंकार को समाप्त किया था. यही कारण है कि इस दिन को अत्यंत पवित्र और शक्तिशाली माना जाता है.

अगर दूसरे बड़े मंगल के शुभ मुहूर्त की बात करें, तो ब्रह्म मुहूर्त सुबह 4 बजकर 8 मिनट से 4 बजकर 50 मिनट तक रहेगा. इस दौरान स्नान और पूजा की तैयारी करना शुभ माना जाता है. इसके बाद सुबह 9 बजकर 7 मिनट से दोपहर 12 बजकर 23 मिनट तक पूजा के लिए उत्तम समय रहेगा. वहीं, शाम की आराधना के लिए 7 बजकर 3 मिनट से रात 8 बजकर 6 मिनट तक का समय शुभ बताया गया है.

जानिए पूजा-विधि के बारे में 

इस दिन पूजा-विधि भी विशेष मानी जाती है. भक्तों को प्रातः जल्दी उठकर स्नान करना चाहिए और साफ, विशेष रूप से लाल वस्त्र पहनने चाहिए. इसके बाद हनुमान जी को सिंदूर और चमेली के तेल का चोला चढ़ाया जाता है. फिर दीपक, धूप और अगरबत्ती जलाकर विधिवत पूजा की जाती है. प्रसाद के रूप में बूंदी के लड्डू, गुड़-चना, रोट या फल अर्पित किए जाते हैं. पूजा के बाद हनुमान चालीसा, सुंदरकांड या बजरंग बाण का पाठ करना अत्यंत शुभ माना जाता है.

ज्योतिष के अनुसार, जिन लोगों की कुंडली में मंगल ग्रह कमजोर होता है, उनके लिए बड़ा मंगल विशेष फलदायी हो सकता है. इस दिन हनुमान जी को लाल फूल अर्पित कर “ॐ क्रां क्रीं क्रौं सः भौमाय नमः” मंत्र का 108 बार जाप करने से मंगल दोष शांत होने और विवाह या जीवन की अन्य बाधाएं दूर होने की मान्यता है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो