कल होगा केरलम के मुख्यमंत्री का ऐलान! CM की रेस में ये 2 नेता सबसे आगे

केरल में मुख्यमंत्री पद को लेकर कांग्रेस के भीतर चल रहा सस्पेंस अब जल्द खत्म हो सकता है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस कल केरल के लिए अपने मुख्यमंत्री उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर सकती है।

Sachin Hari Legha

तिरुवनंतपुरम: केरल में मुख्यमंत्री पद को लेकर कांग्रेस के भीतर चल रहा सस्पेंस अब जल्द खत्म हो सकता है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस कल केरल के लिए अपने मुख्यमंत्री उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर सकती है।

कल हो सकता है मुख्यमंत्री के चेहरे का ऐलान 

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इस फैसले को लेकर पार्टी आलाकमान लगातार मंथन कर रहा है और अंतिम सहमति बनाने की कोशिशें तेज़ हो गई हैं। वहीं बताया यह भी जा रहा है कि कांग्रेस नेतृत्व किसी भी तरह के अंदरूनी विवाद या असहमति से बचते हुए ऐसा फैसला लेना चाहता है, जिससे पार्टी में एकजुटता का संदेश जाए। इसी सिलसिले में वरिष्ठ नेता राहुल गांधी केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (KPCC) के पूर्व अध्यक्षों और अन्य अहम नेताओं के साथ लगातार चर्चा कर रहे हैं।

KC वेणुगोपाल सबसे आगे 

मुख्यमंत्री पद की दौड़ में फिलहाल कांग्रेस महासचिव (संगठन) K C वेणुगोपाल का नाम सबसे मजबूत माना जा रहा है। पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं का मानना है कि संगठनात्मक अनुभव और राष्ट्रीय स्तर पर उनकी पकड़ उन्हें इस पद के लिए मजबूत दावेदार बनाती है। हालांकि, कांग्रेस ने अभी तक आधिकारिक तौर पर किसी नाम की पुष्टि नहीं की है। पार्टी नेतृत्व सभी पक्षों से बातचीत के बाद ही अंतिम निर्णय लेने के मूड में है।

अन्य दावेदार भी रेस में 

K C वेणुगोपाल के अलावा V D सतीशन और रमेश चेन्निथला के नाम भी चर्चा में हैं। दोनों नेताओं का केरल की राजनीति में लंबा अनुभव रहा है और उनके समर्थक भी सक्रिय रूप से पैरवी कर रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि अगर सभी चर्चाएं तय समय पर पूरी हो जाती हैं, तो मुख्यमंत्री पद की घोषणा के तुरंत बाद 14 मई को शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जा सकता है।

UDF की ऐतिहासिक जीत 

2026 के केरल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 102 सीटों पर जीत दर्ज की। यह जीत इसलिए भी खास मानी जा रही है, क्योंकि इसने लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) के 10 साल पुराने शासन का अंत कर दिया। LDF इस चुनाव में केवल 35 सीटों तक सीमित रह गया, जिसे राज्य की राजनीति में बड़े बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।

अंदरूनी खींचतान बनी चिंता 

गौरतलब है कि हाल ही में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने तीनों प्रमुख दावेदारों के साथ बैठक की। इसमें KPCC प्रमुख सन्नी जोसेफ और केरल प्रभारी दीपा दासमुंशी भी शामिल थीं। पार्टी के भीतर पिछले कुछ दिनों से समर्थकों के बीच पोस्टरबाजी और विरोध प्रदर्शन देखने को मिले हैं। 

इसी वजह से कांग्रेस आलाकमान बेहद सावधानी से फैसला लेना चाहता है। इस बीच, UDF की सहयोगी पार्टी IUML ने भी देरी पर चिंता जताई है और जल्द निर्णय लेने की सलाह दी है, ताकि राज्य में राजनीतिक स्थिरता बनी रहे।

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो