‘विदेशी मुद्रा बचाएं, सोने की खरीदारी टालें...’ PM मोदी ने देशवासियों से की गई अपनी अपील को दोहराया

गुजरात के वडोदरा में सोमवार (11 मई 2026) को सरदारधाम प्रोजेक्ट के लोकार्पण के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि हर छोटे-बड़े स्तर पर हमें आयातित चीजों का इस्तेमाल घटाना होगा।

Sachin Hari Legha

वडोदरा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार दो दिन देश के नाम एक अहम संदेश दिया है। तेलंगाना की जनसभा के बाद अब गुजरात में भी उन्होंने लोगों से सोने की खरीदारी कम करने की अपील की। पीएम का कहना है कि मौजूदा वैश्विक हालात और मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव का सीधा असर भारत की अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है।

विदेशी उत्पादों पर निर्भरता घटाने पर जोर 

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार गुजरात के वडोदरा में सोमवार (11 मई 2026) को सरदारधाम प्रोजेक्ट के लोकार्पण के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि हर छोटे-बड़े स्तर पर हमें आयातित चीजों का इस्तेमाल घटाना होगा।

साथ ही ऐसे निजी खर्चों से भी बचना चाहिए जिनसे विदेशी मुद्रा बाहर जाती है। उन्होंने याद दिलाया कि पहले भी युद्ध या संकट के समय देशवासियों ने सरकार की अपील पर जिम्मेदारी निभाई है। आज फिर वही एकजुटता दिखाने का वक्त है।

सोना खरीद एक साल तक टालने की सलाह 

दरअसल बीते रविवार (10 मई 2026) को तेलंगाना में पीएम ने खुलकर कहा था कि वैश्विक संघर्षों की वजह से भारत पर दबाव बढ़ रहा है। इसलिए देशहित में लोग एक साल तक सोना खरीदने से परहेज करें। सोने का आयात देश के विदेशी मुद्रा भंडार पर बड़ा बोझ डालता है।

वडोदरा में सरदारधाम प्रोजेक्ट का लोकार्पण 

गौरतलब है कि अब सोमवार को वडोदरा के अनखोल में पीएम मोदी ने सरदारधाम प्रोजेक्ट के तहत बने कई विकास कार्यों का उद्घाटन किया। इसमें 150 करोड़ की लागत से बना डॉक्टर दुष्यंत और दक्षा पटेल छात्रावास भी शामिल है। यह छात्रावास 2000 छात्र-छात्राओं को शिक्षा की सुविधा देगा।

नागरिक कर्तव्य को प्राथमिकता दें 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जोर देकर कहा कि देश के संसाधनों पर दबाव कम करना हर नागरिक का फर्ज है। जब हम गैर-जरूरी आयात और विदेशी खर्च कम करेंगे, तभी भारत आर्थिक रूप से और मजबूत होगा।

विपक्ष ने किया विरोध 

पीएम मोदी की इस अपील को लेकर विपक्षी दलों के नेताओं की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। कांग्रेस के कई नेताओं ने खुलकर प्रधानमंत्री की अपील पर सवाल खड़े किए। वहीं आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने कहा कि मोदी ने चुनाव के दौरान तो ये सब अपील नहीं की।

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो