पश्चिम बंगाल में ममता की हार पर कुमार विश्वास का बयान, जानिए किसे बताया असली हीरो?
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में BJP की ऐतिहासिक जीत के बाद मशहूर कवि कुमार विश्वास का एक बयान सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.

नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में BJP की ऐतिहासिक जीत के बाद मशहूर कवि कुमार विश्वास का एक बयान सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. एक कवि सम्मेलन में कुमार विश्वास ने एक ऐसी बात कही जिसे सुनकर पूरा हॉल ठहाकों से गूंज उठा. कुमार विश्वास ने अपने अंदाज में बताया कि आखिर पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की हार कैसे हुई.
कुमार ने राहुल पर कसा तंज
कुमार विश्वास ने कहा कि कुछ लोग बंगाल में BJP की शानदार जीत का श्रेय नरेंद्र मोदी को दे रहे हैं. कुछ अमित शाह को और कुछ शुभेंदु अधिकारी को लेकिन, इन सबके बीच कोई भी एक बेचारे युवा नेता को कोई श्रेय नहीं दे रहा है जिससे मुझे बहुत दुख होता है. आगे तंज कसते हुए उन्होंने कहा 'एक नौजवान यहां आया, गली-गली घूमा, और बस यही कहता रहा, ममता को हराओ! वह नौजवान हैं राहुल गांधी. मंच से कुमार विश्वास ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर व्यंग्य का तीर चलाया. गौरतलब है कि कुमार विश्वास ने 2014 के लोकसभा चुनावों में अमेठी सीट से राहुल गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ा था. उस चुनाव में उन्हें राहुल के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा था.
बंगाल में BJP की शानदार जीत
BJP ने बंगाल विधानसभा चुनावों में शानदार जीत हासिल की है. पार्टी ने 294 सदस्यों वाली विधानसभा में 207 सीटों पर बड़ी जीत दर्ज की. ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (TMC) सिर्फ 80 सीटों तक ही सिमट कर रह गई. वहीं, कांग्रेस पार्टी को सिर्फ़ दो सीटों से ही संतोष करना पड़ा. पूरे चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस BJP को निशाना बनाने के साथ-साथ TMC पर भी लगातार हमलावर रही.
ममता बनर्जी ने क्या बोली
CM ममता बनर्जी ने कहा सोनिया गांधी, राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल, उद्धव ठाकरे, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव और हेमंत सोरेन इन सभी ने मुझे फोन किया है. INDIA गठबंधन में मेरे सभी साथियों ने मुझे भरोसा दिलाया है कि वे पूरी तरह से मेरे साथ खड़े हैं. मेरा मानना है कि आने वाले दिनों में हमारी एकजुटता और भी मजबूत होगी. उन्होंने कहा, 'मैं INDIA गठबंधन को मज़बूत करूंगी. अब मेरे पास कोई सरकारी पद नहीं है इसलिए अब मैं एक आम नागरिक हूं. आप मुझ पर अपने पद का गलत इस्तेमाल करने का आरोप नहीं लगा सकते. मैंने अपनी पूरी जिंदगी लोगों की सेवा में समर्पित कर दी है.


