ICC रैंकिंग में भारत का जलवा, वनडे में नंबर-1 तो टेस्ट में भी लगाई छलांग
भारत ने आईसीसी की नई वनडे रैंकिंग में 118 अंकों के साथ नंबर-1 स्थान बरकरार रखा है, जबकि टेस्ट रैंकिंग में एक स्थान ऊपर चढ़कर तीसरा पायदान हासिल किया है.

आईसीसी की ताजा वार्षिक रैंकिंग में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने वनडे प्रारूप में अपना नंबर-1 स्थान बरकरार रखा है. सोमवार, 11 मई को जारी नई रैंकिंग में भारत 118 रेटिंग अंकों के साथ शीर्ष पर कायम है. चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली भारतीय टीम ने एक बार फिर साबित किया है कि सीमित ओवरों के क्रिकेट में उसका दबदबा लगातार बना हुआ है. दूसरे स्थान पर न्यूजीलैंड है, जिसके 113 अंक हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया 109 अंकों के साथ तीसरे नंबर पर मौजूद है.
भारत की स्थिति मजबूत
हालिया अपडेट में भारत की स्थिति मजबूत बनी रही, जबकि न्यूजीलैंड की रेटिंग में हल्की गिरावट दर्ज की गई. आईसीसी की वार्षिक रैंकिंग में मई 2025 के बाद खेले गए मुकाबलों को पूरा महत्व दिया गया है, जबकि उससे पहले के दो वर्षों के नतीजों को आधा वेटेज मिला है. इसी आधार पर टीमों की नई स्थिति तय की गई है.
वनडे रैंकिंग में दक्षिण अफ्रीका को फायदा हुआ है. टीम ने पाकिस्तान को पीछे छोड़ते हुए चौथा स्थान हासिल कर लिया है. दक्षिण अफ्रीका के खाते में 102 अंक हैं, जबकि पाकिस्तान 98 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर पहुंच गया है. इसके अलावा श्रीलंका 96 अंकों के साथ छठे, अफगानिस्तान 93 अंकों के साथ सातवें, इंग्लैंड 89 अंकों के साथ आठवें, बांग्लादेश 84 अंकों के साथ नौवें और वेस्टइंडीज 74 अंकों के साथ दसवें स्थान पर है.
नौवें स्थान की लड़ाई बेहद अहम
वनडे विश्व कप 2027 के मद्देनजर नौवें स्थान की लड़ाई भी बेहद अहम हो गई है. 31 मार्च 2027 तक शीर्ष आठ में रहने वाली टीमें सीधे विश्व कप के लिए क्वालिफाई करेंगी. यदि मेजबान दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे शीर्ष आठ में बने रहते हैं, तो नौवें और दसवें स्थान वाली टीमों को भी सीधा प्रवेश मिल सकता है. ऐसे में बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है.
वहीं टेस्ट रैंकिंग में भी भारत के लिए अच्छी खबर आई है. टीम ने एक स्थान की छलांग लगाते हुए तीसरा स्थान हासिल कर लिया है. भारत के अब 104 अंक हैं और उसने इंग्लैंड को पीछे छोड़ दिया है, जिसके 102 अंक रह गए हैं. टेस्ट रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया 131 अंकों के साथ पहले स्थान पर कायम है, जबकि मौजूदा विश्व टेस्ट चैंपियन दक्षिण अफ्रीका 119 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर बनी हुई है.


