टेस्ट क्रिकेट में खुद को साबित करने की तैयारी में हेड कोच गौतम गंभीर, अफगानिस्तान के खिलाफ मैच से पहले बनाया खास प्लान
आईपीएल 2026 खत्म होते ही भारतीय टीम अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच खेलेंगे, जिसके लिए कोच गौतम गंभीर ने खास प्लान बनाया है. इस टेस्ट के दौरान गिल की कप्तानी को परखा जाएगा.

नई दिल्ली: IPL 2026 के खत्म होते ही भारतीय क्रिकेट टीम का कार्यक्रम काफी व्यस्त होने वाला है. 6 जून से मुल्लांपुर (न्यू चंडीगढ़) में अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच खेला जाएगा. इसके बाद तीन वनडे मैचों की सीरीज भी होगी. शुभमन गिल इस सीरीज में कप्तानी का अपना पहला बड़ा टेस्ट पास करेंगे.
टेस्ट मैच को लेकर पूरी गंभीर
ताटीम मैनेजमेंट इस टेस्ट को बेहद गंभीरता से ले रहा है. भले ही यह मैच विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 का हिस्सा न हो, फिर भी भारतीय टीम अपनी मजबूत बल्लेबाजी यूनिट उतारने की योजना बना चुकी है. मुख्य कोच गौतम गंभीर और चयनकर्ता हाल के टेस्ट मैचों में मिली निराशाजनक परफॉर्मेंस के बाद रेड बॉल क्रिकेट पर खास ध्यान दे रहे हैं.
बल्लेबाजी यूनिट होगी मजबूत
टीम प्रबंधन खिलाड़ियों की फिटनेस और वर्कलोड पर लगातार नजर रखे हुए है. सूत्रों के मुताबिक शुभमन गिल, केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल और ऋषभ पंत समेत लगभग सभी प्रमुख बल्लेबाज इस टेस्ट में खेलते नजर आ सकते हैं. फिलहाल बल्लेबाजी विभाग को लेकर कोई बड़ी चिंता नहीं है. BCCI IPL के दौरान खिलाड़ियों का पूरा डेटा ले रहा है और बैटर्स की स्थिति संतोषजनक बताई जा रही है.
गेंदबाजी में होगा बदलाव
गेंदबाजी विभाग में कुछ बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं. जसप्रीत बुमराह को आराम दिए जाने की संभावना है. मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा पर फैसला बाद में लिया जाएगा. हर्षित राणा और आकाश दीप चोट के कारण उपलब्ध नहीं हैं. टीम मैनेजमेंट लगातार क्रिकेट शेड्यूल के बाद अपने स्टार गेंदबाजों को ज्यादा थकाना नहीं चाहता.
युवा गेंदबाजों को मिलेगा मौका
यह टेस्ट मैच युवा गेंदबाजों को आजमाने का अच्छा अवसर होगा. भारत को आगे श्रीलंका और न्यूजीलैंड जैसी मजबूत टीमों के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलनी है. ऐसे में गौतम गंभीर मजबूत बेंच स्ट्रेंथ तैयार करना चाहते हैं. IPL 2026 में कई भारतीय गेंदबाजों का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा, जिसे टीम मैनेजमेंट सुधारना चाहता है.
गंभीर और चयनकर्ताओं का मास्टर प्लान साफ है कि टेस्ट क्रिकेट में भारत की पुरानी ताकत वापस लाना. अफगानिस्तान के खिलाफ यह मैच टीम के लिए नए प्रयोग और तैयारी का अहम हिस्सा साबित हो सकता है.


