WPL 2023: हरमनप्रीत कौर ने तोड़ दिया महेंद्र सिंह धोनी का रिकॉर्ड, WPL में हो गया वो कमाल जो कभी IPL में भी नहीं हुआ

मुंबई इंडियंस का WPL 2023 (महिला प्रीमियर लीग) में शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। हरमनप्रीत कौर के नेतृत्‍व वाली मुंबई इंडियंस की टीम ने मंगलवार 14 मार्च को WPL 2023 के 12वें मुकाबले में गुजरात जायंट्स की टीम को 55 रन के बड़े अंतराल से मात दी

Dheeraj Dwivedi

मुंबई इंडियंस का WPL 2023 (महिला प्रीमियर लीग) में शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। हरमनप्रीत कौर के नेतृत्‍व वाली मुंबई इंडियंस की टीम ने मंगलवार 14 मार्च को WPL 2023 के 12वें मुकाबले में गुजरात जायंट्स की टीम को 55 रन के बड़े अंतराल से मात दी। इस जीत के साथ मुंबई इंडियंस की टीम ने प्‍लेऑफ में अपनी जगह एकदम पक्‍की कर ली है।

मुंबई के ब्रेबोर्न स्‍टेडियम में खेले गए मुकाबले में मुंबई इंडियंस की टीम ने पहले बल्‍लेबाजी के आमंत्रण को स्‍वीकार किया और निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर कुल 162 रन बनाए। इसके जवाब में गुजरात जायंट्स की टीम 9 विकेट गंवाकर महज 107 रनों पर सिमट गई। मुंबई इंडियंस की WPL 2023 में यह लगातार पांचवीं जीत है। इस जीत के साथ ही मुंबई इंडियंस प्‍लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई।

हरमनप्रीत कौर ने स्थापित किया नया कीर्तिमान -

बता दें कि हरमनप्रीत कौर ने इस जीत के साथ ही महेंद्र सिंह धोनी समेत कई दिग्‍गज भारतीय कप्‍तानों को पीछे छोड़ दिया है। भारतीय खिलाड़‍ियों में कप्‍तान के रूप में 5 IPL या WPL मुकाबले में सबसे ज्‍यादा जीत दर्ज करने के मामले में हरमनप्रीत कौर टॉप पर पहुंच गई हैं। मुंबई इंडियंस की अगुवाई करते हुए हरमनप्रीत कौर ने टीम को लगातार पांच मैचों में जीत दिलाई।

हरमनप्रीत कौर से पीछे महेंद्र सिंह धोनी सहित रोहित शर्मा, विराट कोहली, हार्दिक पांड्या, गौतम गंभीर, ऋषभ पंत, रविचंद्रन अश्विन और वीरेंद्र सहवाग रह गए। इन सभी खिलाड़‍ियों ने अपनी- अपनी टीम को टूर्नामेंट में लगातार चार मुकाबलों में जीत दिलाई है।

मुंबई इंडियंस की टीम ने रच दिया इतिहास -

बता दें कि हरमनप्रीत कौर के साथ- साथ मुंबई इंडियंस की टीम ने भी एक नया कीर्तिमान स्‍थापित किया है। मुंबई इंडियंस एकमात्र ऐसी टीम बनी है, जिसने महिला प्रीमियर लीग के अपने शुरुआत के सभी पांच मुकाबले जीते हैं। IPL में भी ऐसा कमाल कोई टीम नहीं कर पाई है।

मुंबई इंडियंस की टीम ने मौजूदा WPL में गुजरात जायंट्स को 143 रन से हराया, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को 9 विकेट से हराया, दिल्‍ली कैपिटल्‍स को 8 विकेट से हराया, यूपी वॉरियर्स को 8 विकेट से और गुजरात जायंट्स को 55 रन से करारी शिकस्‍त दी।

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag