IPL के बाद अब PSL 2026 से भी बाहर हुए मुस्तफ़िज़ूर रहमान, BCB ने लिया ये फैसला!
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने गुरुवार (23 अप्रैल 2026) को बयान जारी कर मुस्तफिजुर रहमान का NOC वापस लेने की जानकारी दी। यह फैसला न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे के बाद उनकी चिकित्सकीय समीक्षा के आधार पर लिया गया।

नई दिल्ली: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को पाकिस्तान सुपर लीग 2026 के बाकी मैचों से हटा लिया है। बोर्ड ने मेडिकल ग्राउंड पर मुस्तफिजुर को पहले जारी किया गया अनापत्ति प्रमाण पत्र वापस ले लिया है। मुस्तफिजुर IPL 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स की स्क्वाड से रिलीज होने के बाद लाहौर कलंदर्स से जुड़े थे और पांच मैचों में छह विकेट ले चुके थे।
इससे पहले BCB ने KKR से रिलीज किए जाने के बाद कड़ा रुख दिखाया था। बांग्लादेश ने टी20 विश्व कप के लिए भारत में टीम भेजने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद ICC ने उसे विश्व कप से बाहर कर स्कॉटलैंड को जगह दी थी। अब PSL में भी बोर्ड ने मुस्तफिजुर और नाहिद राणा को लेकर सख्त फैसला लिया है।
मेडिकल जांच के बाद लिया गया फैसला
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने गुरुवार (23 अप्रैल 2026) को बयान जारी कर मुस्तफिजुर रहमान का NOC वापस लेने की जानकारी दी। यह फैसला न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे के बाद उनकी चिकित्सकीय समीक्षा के आधार पर लिया गया।
बीसीबी ने बयान में कहा, “न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे के समापन के बाद टीम के चिकित्सा स्टाफ ने राष्ट्रीय टीम के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान की स्थिति की समीक्षा की है। आगे की जांच के लिए उनका तत्काल स्कैन कराया जाएगा, जिसके बाद वे बीसीबी मेडिकल टीम की देखरेख में पुनर्वास कार्यक्रम शुरू करेंगे। मुस्तफिजुर को पूर्व में जारी एनओसी वापस ले लिया गया है। इसलिए वे पीएसएल 2026 के शेष मुकाबलों में भाग नहीं ले पाएंगे।”
KKR से रिलीज होने के बाद लाहौर से जुड़े थे मुस्तफिजुर
आपको बताते चलें कि ऑलराउंडर मुस्तफिजुर रहमान को भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड के निर्देश के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल 2026 के दौरान अपनी टीम से रिलीज कर दिया था। इसके बाद वे लाहौर कलंदर्स के लिए खेल रहे थे और इस सत्र में पांच मैचों में छह विकेट ले चुके थे।
नाहिद राणा को भी नहीं मिला NOC
गौरतलब है कि बीसीबी ने एक अन्य फैसले में पुष्टि की कि युवा तेज गेंदबाज नाहिद राणा को भी पीएसएल 2026 के लिए रिलीज नहीं किया जाएगा। यह कदम अगले महीने पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली टेस्ट श्रृंखला की तैयारी के लिए उन्हें पर्याप्त समय देने के उद्देश्य से उठाया गया है।


