नई दिल्ली: इंग्लैंड की 'द हंड्रेड' लीग में भारतीय स्वामित्व वाली टीम सनराइजर्स लीड्स ने पाकिस्तान के मिस्ट्री स्पिनर अबरार अहमद को अपनी टीम में शामिल कर लिया है. यह फैसला 12 मार्च को हुई नीलामी में हुआ, जहां टीम ने अबरार पर करीब 2.34 करोड़ रुपये (लगभग 1,90,000 पाउंड) खर्च किए. अबरार पाकिस्तान टीम के लिए खेलते हैं और उनकी गेंदबाजी में रहस्यमयी स्पिन के कारण वे काफी चर्चित हैं.
यह पहला मौका है जब किसी भारतीय मालिक वाली फ्रेंचाइजी ने 'द हंड्रेड' में पाकिस्तानी खिलाड़ी को चुना है. सनराइजर्स लीड्स, जो आईपीएल की सनराइजर्स हैदराबाद की सिस्टर फ्रेंचाइजी है, पिछले साल Sun TV ग्रुप द्वारा खरीदी गई थी.
इस ग्रुप ने इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) और यॉर्कशायर से मिलकर इस टीम का पूरा मालिकाना हक हासिल किया था. अब इस पूरे मामले पर BCCI का पहला रिएक्शन सामने आया है.
अबरार अहमद को साइन करने की खबर आते ही सोशल मीडिया पर भारी विरोध शुरू हो गया. कई भारतीय फैंस ने इसे राष्ट्र-विरोधी कदम बताया. फैंस ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ नाराजगी जताई और IPL 2026 में टीम का बॉयकॉट करने की बातें की. कुछ ने टीम की मालकिन काव्या मारन पर भी सवाल उठाए.
विरोध इतना तेज हुआ कि सनराइजर्स लीड्स का आधिकारिक X अकाउंट 13 मार्च को सस्पेंड हो गया. अकाउंट खोलने पर मैसेज दिख रहा है कि "अकाउंट सस्पेंड कर दिया गया है" और X के नियमों का उल्लंघन होने की वजह बताई गई है. हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ कि किस नियम का उल्लंघन हुआ.
इस पूरे विवाद पर बीसीसीआई की ओर से पहला बयान उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने दिया है. उन्होंने ANI को बताया कि यह मामला आईपीएल से जुड़ा नहीं है, इसलिए बोर्ड कुछ नहीं कर सकता.
राजीव शुक्ला ने कहा, “यह हमारे डोमेन (आईपीएल) में नहीं है. उन्होंने इसे किसी विदेशी लीग के लिए किया है. उन्हें खुद फैसला लेना होगा, हम कुछ नहीं कर सकते.” उनके इस बयान से साफ है कि बीसीसीआई इस मुद्दे में हस्तक्षेप नहीं करेगा, क्योंकि यह इंग्लैंड की लीग से संबंधित है, न कि आईपीएल से. First Updated : Friday, 13 March 2026