IPL 2026: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के शुरुआती मैच से पहले बड़ा फैसला लिया है. मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच 28 मार्च को होने वाले पहले मैच से पहले बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में उद्घाटन समारोह रद्द कर दिया गया है.
BCCI ने यह फैसला पिछले साल 4 जून 2025 को चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई दुखद भगदड़ की घटना के सम्मान में लिया है. उस दिन RCB की पहली IPL जीत के जश्न में 11 लोगों की जान चली गई थी. BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि इस त्रासदी के सम्मान में IPL 2026 के शुरुआती दिन कोई औपचारिक, सांस्कृतिक या मनोरंजन कार्यक्रम नहीं होगा.
2025 में अहमदाबाद में खेले गए IPL फाइनल में पंजाब किंग्स को हराकर RCB ने पहली बार खिताब जीता. जीत के अगले दिन 4 जून को टीम बेंगलुरु पहुंची और विधान सौधा में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और राज्यपाल द्वारा सम्मानित की गई. इसके बाद हजारों फैंस चिन्नास्वामी स्टेडियम में जमा हो गए. भीड़ इतनी ज्यादा बढ़ गई कि भगदड़ मच गई. इसमें एक नाबालिग समेत 11 लोगों की मौत हो गई. इस घटना ने पूरे क्रिकेट जगत को झकझोर दिया था.
BCCI ने स्पष्ट किया कि उद्घाटन समारोह भले ही रद्द हो गया हो, लेकिन IPL के अंतिम दिन 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भव्य समापन समारोह और मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा.
RCB ने भी शहीद फैंस को याद करने के लिए कई कदम उठाए हैं. टीम के खिलाड़ी अभ्यास के दौरान नंबर 11 वाली जर्सी पहनेंगे और काली पट्टी बांधेंगे. इसके अलावा चिन्नास्वामी स्टेडियम में 11 सीटें हमेशा खाली रखी जाएंगी. RCB के CEO राजेश मेनन ने कहा कि ये 11 सीटें उन फैंस के लिए हैं जो हमेशा टीम के साथ रहेंगे.
पिछले कुछ सालों में भी IPL 2019 से 2022 तक उद्घाटन समारोह नहीं हुए थे. फैंस अब मैच पर पूरा फोकस कर सकेंगे, लेकिन यह फैसला भावुक और सम्मानजनक माना जा रहा है. First Updated : Thursday, 26 March 2026