नई दिल्ली: IPL 2026 में गुजरात टाइटन्स के कप्तान शुभमन गिल ने बल्ले से कमाल किया था। 732 रन बनाकर वे सीजन के सबसे सफल बल्लेबाजों में शामिल रहे। इसके बावजूद आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम में उन्हें जगह नहीं मिली। चयनकर्ताओं के इस फैसले के पीछे अब बड़ी वजह सामने आई है।
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक BCCI और चयन समिति ने गिल के लिए लंबी रणनीति बनाई है। उन्हें फिलहाल टी20 क्रिकेट से दूर रखकर सिर्फ टेस्ट और वनडे पर फोकस करने को कहा गया है।
गिल अभी भारत की टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान हैं। अगले डेढ़ साल में टीम को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के तहत नौ अहम मैच खेलने हैं। साथ ही 2027 वनडे विश्व कप से पहले करीब 35 वनडे मुकाबले भी शेड्यूल में हैं। चयनकर्ता नहीं चाहते कि लगातार तीनों फॉर्मेट खेलकर गिल शारीरिक और मानसिक थकान का शिकार हों।
एक सूत्र ने बताया कि बोर्ड का मकसद गिल को फिट और फ्रेश रखना है। अगले दो साल में भारत के सामने दो बड़े लक्ष्य हैं। एक WTC फाइनल और दूसरा 2027 का वनडे विश्व कप। इसलिए गिल की फॉर्म और फिटनेस को प्राथमिकता दी गई है।
WTC 2025-27 चक्र भारत के लिए बेहद अहम है। फाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए टीम को बचे हुए नौ टेस्ट में से कम से कम सात जीतने होंगे। ऐसे में गिल पर बल्लेबाज के साथ कप्तान के रूप में भी बड़ी जिम्मेदारी रहेगी।
साथ ही 2027 वनडे विश्व कप को भी बोर्ड ने सबसे बड़ा मिशन माना है। पिछले कुछ सालों में वनडे में गिल का प्रदर्शन शानदार रहा है। बोर्ड उन्हें लंबे समय तक फिट रखने के लिए वर्कलोड मैनेजमेंट पर काम कर रहा है। चयनकर्ताओं का मानना है कि उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भारत को आईसी ट्रॉफियां दिलाने में अहम भूमिका निभा सकता है।
टी20 इंटरनेशनल टीम से बाहर होने के बावजूद गिल का टी20 रिकॉर्ड मजबूत है। IPL 2025 में उन्होंने 650 रन बनाए थे। हालांकि 2025 में भारत के लिए 15 टी20 मैचों में सिर्फ 291 रन बनने के बाद उन्हें टीम से बाहर किया गया था।
रिपोर्ट के मुताबिक गिल के लिए टी20 के दरवाजे बंद नहीं हुए हैं। 2028 टी20 विश्व कप और लॉस एंजेलिस ओलंपिक अभी दूर हैं। इसलिए फिलहाल उनकी प्राथमिकता टेस्ट और वनडे क्रिकेट रहेगी। बोर्ड का कहना है कि दो साल बाद कौन किस फॉर्म में होगा, यह अभी कहना मुश्किल है। फिलहाल योजना 2027 विश्व कप तक की है। First Updated : Sunday, 07 June 2026