नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट स्टार विराट कोहली (Virat Kohli) के नाम से जुड़ा बेंगलुरु का चर्चित रेस्टोरेंट One8 Commune अब बंद हो गया है. भारी बकाया किराया, मेंटेनेंस चार्ज और अन्य भुगतान न होने के कारण कोर्ट के आदेश पर इस आउटलेट पर ताला लगा दिया गया है. यह खबर सामने आने के बाद क्रिकेट फैंस और रेस्टोरेंट इंडस्ट्री में चर्चा तेज हो गई है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस रेस्टोरेंट का संचालन करने वाली कंपनी पिछले कई महीनों से किराया नहीं चुका पा रही थी. बताया जा रहा है कि पिछले 6 महीने का किराया बकाया था. इसके साथ मेंटेनेंस शुल्क और रेवेन्यू शेयर का पैसा भी जमा नहीं किया गया.
कुल बकाया रकम 2 करोड़ रुपये से ज्यादा पहुंच गई थी. इसके बाद बिल्डिंग मालिक ने अदालत का दरवाजा खटखटाया. सुनवाई के बाद कोर्ट ने आदेश दिया कि जब तक पूरा भुगतान नहीं किया जाता, तब तक रेस्टोरेंट बंद रहेगा.
इस पूरे मामले में खास बात यह है कि विराट कोहली का अब इस रेस्टोरेंट से कोई सीधा संबंध नहीं था. रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने पहले ही अपनी साझेदारी खत्म कर दी थी.
सिर्फ इतना ही नहीं, कोहली ने अपने ब्रांड “One8” का नाम भी इस आउटलेट से हटवा लिया था. माना जा रहा है कि बढ़ते विवादों और लगातार शिकायतों के चलते उन्होंने समय रहते खुद को इस प्रोजेक्ट से अलग कर लिया.
यह रेस्टोरेंट पहले भी कई बार विवादों में रह चुका है. स्थानीय प्रशासन और नगर निगम की ओर से फायर सेफ्टी और अन्य नियमों को लेकर नोटिस जारी किए गए थे. सूत्रों का कहना है कि नियमों के उल्लंघन और खराब होती छवि का असर बिजनेस पर भी पड़ा. धीरे-धीरे ग्राहकों की संख्या कम हुई और नुकसान बढ़ता गया.
One8 Commune एक प्रीमियम रेस्टोरेंट और बार ब्रांड है, जिसकी शुरुआत विराट कोहली से जुड़ी बताई जाती है. इसके आउटलेट दिल्ली, गरुग्राम, पुणे, कोलकाता, नॉएडा, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे शहरों में मौजूद है. यह ब्रांड शानदार माहौल, आधुनिक इंटीरियर और प्रीमियम डाइनिंग अनुभव के लिए जाना जाता है.
अब सबकी नजर इस बात पर है कि बेंगलुरु आउटलेट दोबारा शुरू होगा या नहीं. फिलहाल जब तक बकाया रकम जमा नहीं होती, तब तक इसके दोबारा खुलने की संभावना कम मानी जा रही है. First Updated : Wednesday, 22 April 2026