भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह चैंपियंस ट्रॉफी 2025 से पहले अपनी इंजरी को लेकर चर्चा का विषय बने हुए हैं. बुमराह को चैंपियंस ट्रॉफी के भारतीय स्क्वॉड में शामिल किया गया है, लेकिन सभी टीमें 11 फरवरी तक स्क्वॉड में बदलाव कर सकती हैं. ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि बुमराह को लेकर क्या फैसला होता है.माना जा रहा है कि आज यानी 11 फरवरी को देर शाम तक इस पर आखिरी फैसला ले लिया जाएगा. अगर बुमराह चैंपियंस ट्रॉफी से बाहर हो जाते हैं, तो आइए जानते हैं कि टीम इंडिया के पास उनके रिप्लेसमेंट के लिए कौन-कौन से बेस्ट ऑप्शन मौजूद हैं.
भारतीय टीम चैंपियंस ट्रॉफी में अपना पहला मैच 20 फरवरी को खेलेगी. इससे पहले 12 फरवरी को उसे इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी वनडे मुकाबला खेलना है. अब सबसे बड़ा सवाल जसप्रीत बुमराह को लेकर है, जो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान चोटिल हो गए थे. उन्हें फिट करने के लिए काफी मशक्कत की जा रही है. लेकिन अगर जसप्रीत बुमराह नहीं खेले तो उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान करना पड़ेगा. बीसीसीआई की ओर से चैंपियंस ट्रॉफी के लिए जिस स्क्वाड का ऐलान किया गया है, उसमें जसप्रीत बुमराह के अलावा मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह को शामिल किया गया है.
जसप्रीत बुमराह अगर अनफिट रहते हैं तो फिर टीम में शमिल होने के सबसे तगड़े दावेदार हर्षित राणा हो सकते हैं. जिन्होंने अभी हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से अपना एक दिवसीय डेब्यू किया है. उन्होंने अपने डेब्यू मैच में ही तीन विकेट लेकर सनसनी मचा दी थी. खास बात ये है कि उन्होंने टेस्ट, टी20 इंटरनेशनल और वनडे यानी तीनों डेब्यू में तीन विकेट लिए हैं. ऐसा करने वाले वे भारत के पहले गेंदबाज बन गए हैं. लेकिन दूसरे मैच में उन्हें केवल एक ही सफलता मिली है. ऐसे में उनके नाम पर विचार किया जाएगा कि नहीं, ये अभी कह पाना मुश्किल है. लेकिन रेस में तो वे सबसे आगे चल रहे हैं.
हर्षित राणा के अलावा बीसीसीआई की ओर से जिस एक और नाम पर विचार किया जा सकता है, वो मोहम्मद सिराज हैं. हालांकि उन्हें ना तो इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम में शामिल किया गया है और ना ही वे चैंपियंस ट्रॉफी में हैं, लेकिन सिराज के पक्ष में ये बात जा सकती है कि उनके पास अनुभव है. अब भारत के लिए 44 वनडे मैच खेलने वाले सिराज ने 71 विकेट चटकाए हैं. जब उनका नाम चैंपियंस ट्रॉफी के लिए नहीं आया तो सभी को ताज्जुब हुआ. लेकिन अब बुमराह की गैरहाजिरी होती है तो फिर उनके पास वापसी का मौका होगा. फिलहाल तो यही कोशिश होगी कि बुूमराह खेलें, लेकिन देखना होगा कि बीसीसीआई आखिरी फैसला क्या करता है.
टीम इंडिया के पास चैंपियंस ट्रॉफी के लिए बुमराह की गैरमौजूदगी में तीसरा विकल्प प्रसिद्ध कृष्णा हो सकते हैं. प्रसिद्ध टीम इंडिया के लिए तीनों फॉर्मेट खेलने वाले तेज गेंदबाज हैं. उन्होंने अब तक अपने करियर में 17 वनडे खेल लिए हैं, जिसमें 25.58 की औसत से 29 विकेट चटकाए हैं. प्रसिद्ध के वनडे रिकॉर्ड को देखते हुए वह चैंपियंस ट्रॉफी में टीम इंडिया के लिए अच्छी च्वाइस हो सकते हैं. First Updated : Tuesday, 11 February 2025