फिर सुर्खियों में आया IPL 2008 का चर्चित ‘स्लैपगेट’ विवाद, पूर्व तेज गेंदबाज श्रीसंत ने भज्जी पर लगाए आरोप

2008 के ‘स्लैपगेट’ विवाद ने एक बार फिर सुर्खियां पकड़ ली हैं. हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में एस. श्रीसंत ने हरभजन पर आरोप लगाया कि उन्होंने इस घटना पर आधारित एक विज्ञापन बनाया और इससे कमाई की.

Shraddha Mishra

2008 के IPL का चर्चित ‘स्लैपगेट’ विवाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है. इस बार वजह बने हैं भारत के पूर्व तेज गेंदबाज एस. श्रीसंत, जिन्होंने एक ऐसा दावा किया है जिसने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है. उनके मुताबिक, इस पुराने विवाद से जुड़े एक विज्ञापन के जरिए हरभजन सिंह ने बड़ी रकम कमाई है. हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में एस. श्रीसंत ने कहा कि हरभजन सिंह ने ‘स्लैपगेट’ विवाद पर आधारित एक विज्ञापन बनाया, जिससे उन्हें लगभग 80 लाख से 1 करोड़ रुपये तक की कमाई हुई. 

श्रीसंत का आरोप है कि हरभजन ने उनसे इस विज्ञापन को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर करने के लिए भी कहा था. हालांकि, श्रीसंत ने इस अनुरोध को साफ तौर पर ठुकरा दिया. उनका कहना है कि उन्होंने कभी इस मुद्दे को खुद से नहीं उठाया, लेकिन अब बार-बार इसे सामने लाना उन्हें सही नहीं लगता.

इंटरव्यू में खुलकर बोले श्रीसंत

मलयालम मीडिया ‘मातृभूमि’ से बातचीत में श्रीसंत ने कहा कि उन्होंने पहले कभी भी हरभजन के बारे में खुलकर बात नहीं की. उन्होंने कहा, “अब तक कोई दिक्कत नहीं थी, लेकिन जब उन्होंने फिर से इस मामले पर विज्ञापन बनाया, तब मुझे यह ठीक नहीं लगा.” श्रीसंत ने यह भी बताया कि हरभजन ने उन्हें फोन करके इस विज्ञापन को प्रमोट करने के लिए कहा था, जिसे उन्होंने मना कर दिया.

‘माफ किया, लेकिन भूला नहीं’

श्रीसंत ने अपनी भावनाओं को साफ करते हुए कहा कि उन्होंने हरभजन को माफ जरूर कर दिया है, लेकिन उस घटना को कभी नहीं भूले हैं. उन्होंने कहा, “अगर कोई आपके साथ गलत करता है, तो उसे माफ कर देना चाहिए, लेकिन उसे भूलना नहीं चाहिए. अगर आप भूल जाते हैं, तो वही गलती दोबारा हो सकती है.” उनका मानना है कि यह घटना उसी बात का उदाहरण है और वह इसे नजरअंदाज नहीं कर सकते.

रिश्तों में आई दूरी

एस. श्रीसंत ने यह भी साफ कर दिया कि अब उनका हरभजन सिंह के साथ कोई व्यक्तिगत रिश्ता नहीं बचा है. उन्होंने कहा कि वह पहले उन्हें ‘भाई’ कहते थे, लेकिन अब हालात पूरी तरह बदल चुके हैं. उन्होंने बताया कि हाल ही में बने विज्ञापन के बाद उन्होंने हरभजन को इंस्टाग्राम पर ब्लॉक कर दिया है. यह उनके रिश्तों में आई खटास को साफ तौर पर दिखाता है.

निजी जीवन को लेकर भी जताई नाराजगी

श्रीसंत ने यह भी आरोप लगाया कि हरभजन ने कई इंटरव्यू में उनके परिवार, खासकर उनकी बेटी के बारे में बातें कीं, जो उन्हें बिल्कुल पसंद नहीं आईं. उन्होंने कहा कि बाहर से कोई व्यक्ति अच्छा दिख सकता है, लेकिन उनके अनुभव अलग हैं. उन्होंने यह भी जोड़ा कि उन्हें अब हरभजन से कोई उम्मीद या जरूरत नहीं है और वह अपने जीवन में आगे बढ़ चुके हैं.

‘स्लैपगेट’ विवाद क्या था?

गौरतलब है कि साल 2008 में IPL के पहले सीजन के दौरान एस. श्रीसंत किंग्स XI पंजाब के लिए खेल रहे थे, जबकि हरभजन सिंह मुंबई इंडियंस का हिस्सा थे. उसी दौरान एक मैच के बाद हरभजन पर श्रीसंत को थप्पड़ मारने का आरोप लगा था, जिसे ‘स्लैपगेट’ नाम दिया गया. यह मामला उस समय काफी विवादों में रहा था और अब एक बार फिर नए आरोपों के चलते चर्चा में आ गया है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो