PSL 2026 में बड़ा विवाद: पाकिस्तानी प्लेयर पर लगा बॉल टैम्परिंग का आरोप, सैंडपेपर इस्तेमाल का शक

कराची किंग्स के खिलाफ मैच में बॉल टैम्परिंग के आरोप में फखर जमान पर लेवल-3 का चार्ज लग गया. लाहौर को 5 रनों की भारी पेनल्टी पड़ी, जिससे उनकी हार हो गई. पाकिस्तान क्रिकेट एक बार फिर विवादों में घिरकर बदनामी का शिकार हो गया.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

पाकिस्तान सुपर लीग 2026 के एक रोमांचक मुकाबले में बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. लाहौर कलंदर्स और कराची किंग्स के बीच रविवार को खेले गए मैच में बॉल टेंपरिंग के आरोपों ने न सिर्फ मैच का नतीजा पलट दिया, बल्कि स्टार बल्लेबाज फखर जमान के करियर पर भी सवालिया निशान लगा दिया है. आखिरी ओवर से ठीक पहले लाहौर कलंदर्स के खिलाड़ियों द्वारा गेंद के साथ की गई कथित छेड़छाड़ ने पूरे मैच का समीकरण बदल दिया. अंपायरों ने सख्त कार्रवाई करते हुए लाहौर पर पेनल्टी लगाई, जिसके बाद कराची किंग्स ने यादगार जीत हासिल की.

विवाद की शुरुआत

मैच में जब कराची किंग्स को जीत के लिए आखिरी 6 गेंदों में 14 रन चाहिए थे, तब अंतिम ओवर शुरू होने से पहले लाहौर कलंदर्स के कप्तान शाहीन अफरीदी, हारिस रऊफ और फखर जमान गेंद को हाथ में लेकर चर्चा करते नजर आए. इसी दौरान मैदानी अंपायर फैसल अफरीदी को संदेह हुआ और उन्होंने गेंद की जांच की.

अंपायरों का सख्त फैसला

मैदानी अंपायर फैसल अफरीदी और शरफुद्दौला ने जांच के बाद पाया कि गेंद की स्थिति के साथ जानबूझकर छेड़छाड़ की गई है. अंपायरों ने तुरंत लाहौर कलंदर्स पर 5 रनों की पेनल्टी लगा दी और पुरानी गेंद को बदलकर नई गेंद मैच में डाल दी. इस फैसले से कराची किंग्स को जीत के लिए 14 रनों के बजाय सिर्फ 9 रन बनाने थे. अंतिम ओवर में अब्बास अफरीदी ने एक चौका और एक छक्का लगाकर कराची को 4 विकेट से शानदार जीत दिला दी.

फखर जमान पर लेवल-3 आरोप

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इस मामले में फखर जमान को मुख्य आरोपी मानते हुए उन पर लेवल-3 का चार्ज लगाया है. मैच रेफरी रोशन महानामा के सामने हुई शुरुआती सुनवाई में फखर जमान ने आरोपों से पूरी तरह इनकार किया है. अब अगले 48 घंटों में हाई-डेफिनिशन फुटेज की जांच के साथ दूसरी सुनवाई होगी. यदि फखर दोषी पाए गए तो उन्हें कम से कम एक मैच का प्रतिबंध लग सकता है. स्टीव स्मिथ और डेविड वार्नर जैसे मामलों को देखते हुए PCB पर कड़ी सजा देने का दबाव भी है.

समर्थकों में सवाल

लाहौर कलंदर्स के समर्थक इस फैसले पर सवाल उठा रहे हैं कि गेंद को शाहीन अफरीदी और हारिस रऊफ ने भी छुआ था, फिर केवल फखर जमान पर ही आरोप क्यों लगाया जा रहा है. कप्तान शाहीन अफरीदी ने मैच के बाद नाराजगी जताते हुए कहा, 'मुझे नहीं पता अंपायरों ने क्या देखा, हम वीडियो फुटेज देखने के बाद ही इस पर बात करेंगे.'यह विवाद एक बार फिर पाकिस्तान क्रिकेट को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बदनाम करने का कारण बन गया है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो