चारधाम यात्रा के लिए आज से कमर्शियल वाहनों के ग्रीन कार्ड बनेंगे, परिवहन विभाग ने पूरी की तैयारी

आज से चारधाम यात्रा के लिए व्यावसायिक वाहनों के ग्रीन कार्ड बनने शुरू हो गए हैं. परिवहन विभाग ने देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार समेत कई जगहों पर सुविधा उपलब्ध करा दी है. अब यात्रा की तैयारी और भी आसान हो गई.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

चारधाम यात्रा की तैयारियां जोरों पर हैं. उत्तराखंड परिवहन विभाग ने चारधाम मार्गों पर चलने वाले व्यावसायिक यात्री वाहनों के लिए ग्रीन कार्ड जारी करने की पूरी व्यवस्था कर ली है. आज से इन ग्रीन कार्डों को बनाना शुरू हो जाएगा, जिससे यात्रा सीजन में वाहनों की आवाजाही सुचारू रहेगी. देहरादून की आशारोड़ी चेक पोस्ट, विकासनगर, ऋषिकेश, हरिद्वार और रुड़की एआरटीओ कार्यालयों में आज से ग्रीन कार्ड बनाए जाएंगे. वहीं 15 अप्रैल से रुड़की की नारसन चेक पोस्ट पर भी यह सुविधा शुरू हो जाएगी.

ग्रीन कार्ड बनाने के निर्देश

आरटीओ ने एआरटीओ को निर्देश दिए हैं कि ग्रीन कार्ड पूर्ण पारदर्शिता के साथ बनाए जाएं. वर्ष 2025 में लगभग 32,000 व्यावसायिक यात्री वाहनों के ग्रीन कार्ड जारी किए गए थे.

चारधाम यात्रा की शुरुआत

अक्षय तृतीया पर्व पर 19 अप्रैल को यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ चारधाम यात्रा औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगी. केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को और बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को खोले जाएंगे.बाहरी राज्यों के वाहनों के प्रवेश से पहले स्थानीय व्यावसायिक वाहनों के ग्रीन कार्ड बनाए जाने की व्यवस्था की गई है, ताकि स्थानीय वाहन चालकों को लंबी लाइनों में इंतजार न करना पड़े.

ग्रीन कार्ड बनाने की प्रक्रिया

वाहन चालकों को ग्रीन कार्ड बनवाने के लिए अपना वाहन साथ लाना अनिवार्य होगा. ग्रीन कार्ड केवल तभी जारी किया जाएगा जब वाहन के सभी दस्तावेज पूर्ण होंगे और वाहन का तकनीकी निरीक्षण भी संतोषजनक पाया जाएगा.यदि दस्तावेजों में कोई कमी हो या तकनीकी निरीक्षण में वाहन फिट न पाया जाए तो ग्रीन कार्ड बनाने से इनकार कर दिया जाएगा. ग्रीन कार्ड बनाने वाले सभी कार्यालयों और चेक पोस्टों पर तकनीकी टीम के साथ-साथ प्रशासन की विशेष टीम भी तैनात रहेगी.प्रतिदिन बनने वाले ग्रीन कार्ड की जानकारी आरटीओ प्रशासन को नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाएगी.

हरिद्वार में मंत्री करेंगे उद्घाटन

आज हरिद्वार एआरटीओ कार्यालय में ग्रीन कार्ड काउंटर का उद्घाटन परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा करेंगे. परिवहन विभाग ने इस पूरे कार्यक्रम की तैयारी पूरी कर ली है.आरटीओ प्रशासन ने व्यावसायिक वाहन चालकों की सुविधा के लिए क्यूआर कोड और यूपीआई भुगतान की व्यवस्था की है, जिससे भुगतान पूरी पारदर्शिता के साथ सीधे सरकारी खाते में पहुंच सके. ग्रीन कार्ड बनने की सूचना वाहन चालकों को एसएमएस के माध्यम से भी भेजी जाएगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो