आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स ने आखिरकार जीत का खाता खोल लिया. लगातार तीन हार झेलने के बाद टीम ने चेपॉक में दिल्ली कैपिटल्स को 23 रनों से हराकर शानदार वापसी की. इस जीत के हीरो संजू सैमसन रहे, जिन्होंने बेहतरीन शतक जड़कर न सिर्फ अपनी फॉर्म में वापसी की, बल्कि टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई.
मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने 20 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 212 रन बनाए. टीम को तेज शुरुआत कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और संजू सैमसन ने दिलाई. हालांकि गायकवाड़ बड़ी पारी नहीं खेल सके और 15 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन सैमसन ने एक छोर संभालते हुए आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी. उन्होंने 52 गेंदों में नाबाद 115 रन बनाए, जिसमें 14 चौके और तीन छक्के शामिल रहे. यह उनका चेन्नई के लिए पहला और आईपीएल करियर का चौथा शतक रहा.
सैमसन को युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे का भी अच्छा साथ मिला. आयुष ने तेज अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंदों पर 59 रन बनाए और टीम के स्कोर को 200 के पार पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई. दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 113 रनों की साझेदारी हुई, जिसने मैच का रुख तय कर दिया.
213 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत खराब रही. टीम ने पावरप्ले में ही दो विकेट गंवा दिए. केएल राहुल 18 रन बनाकर आउट हो गए. पथुम निसंका ने कुछ अच्छे शॉट खेले, लेकिन 41 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन लौट गए.
इसके बाद ट्रिस्टन स्टब्स ने संघर्ष जरूर किया और 60 रनों की पारी खेलकर टीम को मुकाबले में बनाए रखने की कोशिश की, लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे. चेन्नई के गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा और दिल्ली को 189 रन पर रोक दिया.
यह जीत चेन्नई के लिए खास रही, क्योंकि चेपॉक में उन्हें लंबे समय से सफलता नहीं मिल रही थी. पिछले सीजन और इस सीजन को मिलाकर टीम को यहां लगातार हार झेलनी पड़ी थी, लेकिन इस मैच में उन्होंने उस सिलसिले को तोड़ते हुए जीत हासिल की. संजू सैमसन की शतकीय पारी और गेंदबाजों के सामूहिक प्रदर्शन ने टीम को नई ऊर्जा दी है, जो आगे के मुकाबलों में उनके आत्मविश्वास को जरूर बढ़ाएगी. First Updated : Saturday, 11 April 2026