CSK vs Brevis: इंडियन प्रीमियर लीग 2025 के दौरान चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज़ डेवाल्ड ब्रेविस को चोटिल गुरजपनीत सिंह की जगह रिप्लेसमेंट के रूप में साइन किया था. अब इस फैसले को लेकर सामने आए विवाद पर सीएसके ने आधिकारिक बयान जारी कर अपनी स्थिति स्पष्ट की है.
दरअसल, भारतीय क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर दावा किया था कि सीएसके ने ब्रेविस को टीम में शामिल करने के लिए निर्धारित राशि से अधिक भुगतान करने की पेशकश की थी. अश्विन के मुताबिक, ब्रेविस को बेस प्राइस पर साइन किया जाना था, लेकिन खिलाड़ी और उसके एजेंट ने अतिरिक्त भुगतान की मांग की, जिसे सीएसके स्वीकार करने को तैयार हो गया.
अश्विन ने कहा था कि ब्रेविस को कुछ टीमों ने नजरअंदाज़ किया था, लेकिन जब रिप्लेसमेंट की बात आई, तो एजेंट्स ने अतिरिक्त रकम मांगी. खिलाड़ी को लगा कि अगर इस बार ज़्यादा रकम मिलती है, तो अगली नीलामी में उसे बेहतर डील मिलेगी. सीएसके इसके लिए राज़ी हो गई.
इस बयान के बाद स्थिति स्पष्ट करने के लिए चेन्नई सुपर किंग्स ने आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी किया. फ्रेंचाइज़ी ने कहा कि ब्रेविस को नियमों के तहत 2.2 करोड़ रुपये की लीग फीस पर अनुबंधित किया गया, ठीक उसी रकम पर जिस पर गुरजपनीत सिंह को नीलामी में खरीदा गया था. टीम ने कहा कि पूरी प्रक्रिया आईपीएल 2025-27 के नियमों, खासतौर पर खंड 6.6 (रिप्लेसमेंट प्लेयर्स) के अंतर्गत पूरी तरह से वैध रही.
सीएसके ने आगे कहा कि हम स्पष्ट करते हैं कि ब्रेविस के चयन की प्रक्रिया आईपीएल के सभी नियमों और विनियमों के पूर्ण अनुपालन में की गई थी. गौरतलब है कि डेवाल्ड ब्रेविस आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी में अनसोल्ड रहे थे, लेकिन टूर्नामेंट के बीच रिप्लेसमेंट के तौर पर उन्हें सीएसके ने शामिल किया, जिससे टीम का संतुलन और भी मज़बूत हुआ. First Updated : Saturday, 16 August 2025