DC vs CSK: चेन्नई और दिल्ली का मुकाबला आज, शिवम दुबे से लेकर पृथ्वी शॉ तक, इन 5 खिलाड़ियों पर रहेंगी सभी की निगाहें

चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेले जाने वाले मुकाबले में कुछ खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर सभी फैन्स की निगाहें रहने वाली हैं। इसमें शिवम दुबे और पृथ्वी शॉ प्रमुख तौर पर शामिल हैं।

calender

इस सीजन (IPL 2023) का 67वां लीग मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जाएगा। चेन्नई और दिल्ली के बीच यह मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। चेन्नई सुपर किंग्स अभी अंक तालिका में 15 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर मौजूद है।

चेन्नई को प्लेऑफ में जगह पक्की करने के लिए इस मुकाबले में जीत दर्ज करना आवश्यक है। वहीं प्लेऑफ की रेस से दिल्ली कैपिटल्स पहले ही बाहर हो चुकी है। IPL 2023 में दोनों ही टीमों से कुछ खिलाड़ियों ने अपने दमदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है। इस सीजन चेन्नई के लिए अभी तक बाएं हाथ के युवा बल्लेबाज शिवम दुबे का बल्ला जमकर बोलता हुआ नजर आया है।

वहीं दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से अक्षर पटेल ने अब तक गेंद और बल्ले दोनों से काफी शानदार प्रदर्शन दिखाया है। हम आज आपको ऐसे 5 खिलाड़ियों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनके प्रदर्शन पर इस मुकाबले में सभी की निगाहें रहने वाली हैं।

1. शिवम दुबे -

इस सीजन चेन्नई सुपर किंग्स के लिए मध्यक्रम बल्लेबाजी में शिवम दुबे ने निरंतरता के साथ बेहतरीन प्रदर्शन दिखाया है। शिवम दुबे ने 11 पारियों में 40.33 के औसत और 157.14 के स्ट्राइक रेट के साथ कुल 363 रन बनाए हैं। पिछली बार इस सीजन जब दिल्ली और चेन्नई की टक्कर हुई थी तो उस मुकाबले में दुबे ने 12 गेंदों का सामना करते हुए 25 रन बनाए थे।

2. फिल सॉल्ट –

इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के दाएं हाथ के बल्लेबाज फिल सॉल्ट के प्रदर्शन पर सभी की निगाहें रहने वाली हैं। सॉल्ट ने अब तक खेली 8 पारियों में 30.71 के औसत और 169.29 के स्ट्राइक रेट के साथ कुल 215 रन बनाए हैं। इसमें सॉल्ट ने 87 रनों की सर्वाधिक रनों की पारी खेली और वह दिल्ली के अरुण जेटली मैदान पर ही आई थी।

3. डेवोन कॉनवे -

चेन्नई सुपर किंग्स के सलामी बल्लेबाज डेवोन कॉनवे ने इस सीजन अभी तक में 12 मुकाबलों में कुल 498 रन बनाए हैं। कॉनवे लगभग सभी मुकाबलों में चेन्नई सुपर किंग्स को बेहतर शुरुआत देने में कामयाब रहे है। दिल्ली कैपिटल्स की धीमी पिच पर एक बार फिर से चेन्नई को उनसे शानदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी।

4. पृथ्वी शॉ -

23 वर्षीय पृथ्वी शॉ के लिए IPL का यह सीजन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। हालांकि पंजाब किंग्स के खिलाफ पिछले मुकाबले में शॉ ने प्लेइंग इलेवन में वापसी करते हुए 54 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली थी। अब दिल्ली कैपिटल्स को आखिरी लीग मुकाबले में भी उनसे बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद होगी।

5. रविंद्र जडेजा -

वहीं इस सीजन अनुभवी स्टार ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा का अभी तक गेंद और बल्ले दोनों से बेहद शानदार प्रदर्शन देखने के लिए मिला है। बता दें कि जडेजा ने गेंद से 13 पारियों में 20.31 के औसत के साथ 16 विकेट अपने नाम किए हैं। वहीं जडेजा ने बल्ले से 133 रन बनाए हैं, दिल्ली के अरुण जेटली के मैदान की पिच पर जडेजा की स्पिन गेंदबाजी चेन्नई सुपर किंग्स के लिए बेहद कारगर साबित हो सकती है।

First Updated : Saturday, 20 May 2023