'यह मेरी गलती है...', रुतुराज गायकवाड़ ने खुद पर ली CSK की हार की जिम्मेदारी, RCB ने 43 रनों से रौंदा

चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल 2026 की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही. लगातार तीसरी हार ने टीम को गहरे संकट में डाल दिया, जहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने उन्हें 43 रनों से करारी शिकस्त दी.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

बेंगलुरु: आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही है. लगातार तीसरी हार ने टीम को गहरे संकट में डाल दिया है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खेला गया मुकाबला भी सीएसके के हाथ से निकल गया और टीम को 43 रनों से शिकस्त का सामना करना पड़ा.आरसीबी ने इस मैच में 251 रनों का विशाल स्कोर बनाया, जिसका पीछा करते हुए सीएसके पूरी तरह बिखर गई. इस सीजन में अभी तक चेन्नई सुपर किंग्स एक भी मैच नहीं जीत पाई है और खराब नेट रन रेट के कारण अंक तालिका में सबसे नीचे है.

खुद पर ली पूरी जिम्मेदारी

हार के बाद कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने पूरी जिम्मेदारी खुद पर ले ली. उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है, अगर मैंने ओपनिंग में और ज्यादा योगदान दिया होता, तो कौन जानता है, हम लक्ष्य का पीछा कर लेते. इसलिए आज की जीत पूरी तरह से मेरी गलती थी.

कप्तान की खराब फॉर्म जारी

ऋतुराज गायकवाड़ इस मैच में भी बड़ा स्कोर नहीं बना सके. उन्होंने महज 7 रन बनाए और पहले ओवर में ही पवेलियन लौट गए. टूर्नामेंट में अब तक खेले गए तीन मैचों में कप्तान ने सिर्फ 6, 28 और 7 रन की पारी खेली है, जो काफी निराशाजनक है.

सलामी जोड़ी फिर नाकाम

कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के साथ ओपनिंग करने उतरे संजू सैमसन भी लगातार तीसरे मैच में फ्लॉप रहे. उन्होंने केवल 9 रन बनाए. टी20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करने वाले संजू आईपीएल 2026 में अभी तक अपनी लय नहीं पकड़ पाए हैं और उम्मीदों पर खरे नहीं उतर रहे हैं.

CSK की राह अब और मुश्किल

लगातार तीन हार के बाद चेन्नई सुपर किंग्स की स्थिति बेहद चिंताजनक हो गई है. टीम को अब लीग में बने रहने के लिए हर हाल में अगला मैच जीतना होगा. उनका अगला मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होगा. आरसीबी की टीम इस जीत के साथ आत्मविश्वास से भरी हुई है और उसकी नजर अब राजस्थान रॉयल्स पर होगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो