अहमदाबाद: आईपीएल 2026 फाइनल में हार के बाद गुजरात टाइटंस के खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को एक और मुश्किल स्थिति का सामना करना पड़ा. अहमदाबाद में रविवार रात टीम की बस में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे बस के अंदर धुआं भरने लगा. इसके बाद खिलाड़ियों और स्टाफ को तुरंत बस से बाहर निकाला गया.
यह घटना उस समय हुई जब गुजरात टाइटंस की टीम नरेंद्र मोदी स्टेडियम से होटल लौट रही थी. फाइनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से हारने के बाद पूरी टीम पहले से ही निराश थी. तभी रास्ते में बस में तकनीकी खराबी आ गई और शॉर्ट सर्किट के कारण धुआं फैलने लगा.
स्थिति को देखते हुए सुरक्षा के तौर पर सभी खिलाड़ियों और सहायक कर्मचारियों को तुरंत बस से बाहर उतारा गया. राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ.
बस खराब होने के बाद गुजरात टाइटंस के खिलाड़ियों और स्टाफ को कुछ समय तक सड़क किनारे इंतजार करना पड़ा. बाद में टीम प्रबंधन ने दूसरी बस की व्यवस्था की, जिसके जरिए सभी को सुरक्षित होटल पहुंचाया गया. यह घटना खिलाड़ियों के लिए और भी तनावपूर्ण साबित हुई क्योंकि टीम पहले ही फाइनल हारने का दर्द झेल रही थी.
गुजरात टाइटंस के लिए पिछले कुछ दिन काफी व्यस्त और थकाने वाले रहे. टीम धर्मशाला से मुल्लनपुर पहुंची थी, जहां उसे क्वालीफायर मुकाबला खेलना था. इसके बाद खराब मौसम के कारण अहमदाबाद पहुंचने में भी देरी हुई. लगातार यात्रा और व्यस्त कार्यक्रम को लेकर यह चर्चा शुरू हो गई कि क्या खिलाड़ियों की थकान का असर फाइनल प्रदर्शन पर पड़ा.
आईपीएल 2026 के फाइनल में गुजरात टाइटंस का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा. टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर सिर्फ 155 रन ही बना सकी. जवाब में आरसीबी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया और लगातार दूसरी बार ट्रॉफी जीत ली.
गुजरात के गेंदबाजों ने मुकाबले में वापसी की कोशिश जरूर की, लेकिन विराट कोहली की शानदार पारी ने टीम की उम्मीदें खत्म कर दी. हालांकि गुजरात टाइटंस के क्रिकेट निदेशक विक्रम सोलंकी ने हार के लिए व्यस्त कार्यक्रम को जिम्मेदार मानने से इनकार किया. उन्होंने कहा कि टीम बहाने नहीं बना रही है और आरसीबी ने बेहतर क्रिकेट खेला. First Updated : Monday, 01 June 2026