स्पोर्ट्स: आईसीसी ने पुरुष अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप 2026 का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है. इस बार टूर्नामेंट की मेजबानी जिम्बाब्वे और नामीबिया संयुक्त रूप से करेंगे. टूर्नामेंट का पहला मुकाबला 15 जनवरी 2026 को खेला जाएगा, जबकि फाइनल मैच 6 फरवरी को होगा. पुरुष अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप 2026 में कुल 16 टीमें हिस्सा लेंगी. 23 दिनों में 41 मैच खेले जाएंगे. सभी मुकाबले दोनों देशों के पांच अलग-अलग मैदानों पर आयोजित होंगे.
आपको बता दें कि भारत इस टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम रही है, भारतीय टीम अबतक 5 बार खिताब अपने नाम कर चुकी है. आईसीसी ने 16 टीमों को चार समूहों में बांटा है. खास बात यह है कि भारत और पाकिस्तान को अलग-अलग ग्रुप में रखा गया है. भारत को ग्रुप 'ए' और पाकिस्तान को ग्रुप 'बी' में रखा गया है.
ग्रुप A: भारत, अमेरिका, बांग्लादेश, न्यूजीलैंड
ग्रुप B: पाकिस्तान, जिम्बाब्वे, इंग्लैंड, स्कॉटलैंड
ग्रुप C: ऑस्ट्रेलिया, आयरलैंड, जापान, श्रीलंका
ग्रुप D: वेस्टइंडीज, अफगानिस्तान, दक्षिण अफ्रीका, तंजानिया
2024 में भारत को हराकर चैंपियन बनी ऑस्ट्रेलिया की टीम अपने अभियान की शुरुआत 16 जनवरी को आयरलैंड के विरुद्ध करेगी. मेजबान जिम्बाब्वे और अन्य नौ टीमें अपने प्रदर्शन के आधार पर टूर्नामेंट में शामिल हुई हैं, जबकि पांच टीमों ने क्वालीफायर जीतकर जगह बनाई है.
तंजानिया की टीम पहली बार इस टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही है. इस बार का अंडर-19 वर्ल्ड कप इसलिए भी खास है, क्योंकि क्रिकेट जगत को फिर नई प्रतिभाएं देखने का मौका मिलेगा. भारतीय फैंस भी उम्मीद कर रहे हैं कि युवा टीम एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करके छठा खिताब देश को दिलाएगी.
15 जनवरी- भारत बनाम यूएसए
17 जनवरी- भारत बनाम बांग्लादेश
24 जनवरी- भारत बनाम न्यूजीलैंड
3 फरवरी को पहला सेमीफाइनल
4 फरवरी को दूसरा सेमीफाइनल
6 फरवरी को फाइनल
First Updated : Wednesday, 19 November 2025