नई दिल्ली: भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है. अफगानिस्तान के खिलाफ मुल्लांपुर टेस्ट में शानदार शतक लगाने के बाद गिल ने टेस्ट क्रिकेट में बतौर कप्तान 1000 रन पूरे कर लिए. खास बात यह रही कि उन्होंने यह आंकड़ा 82.8 की बेहतरीन औसत से हासिल किया और इसी के साथ वह महान बल्लेबाज डॉन ब्रैडमैन के खास क्लब में शामिल हो गए.
मुल्लांपुर में खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच में शुभमन गिल ने 126 रन की दमदार पारी खेली. अपनी इस पारी में उन्होंने 15 चौके और एक लंबा छक्का लगाया. गिल की बल्लेबाजी ने भारतीय टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया.
उनकी यह पारी इसलिए भी खास रही क्योंकि इसी दौरान उन्होंने कप्तान के तौर पर टेस्ट क्रिकेट में 1000 रन पूरे किए. अब वह दुनिया के उन चुनिंदा कप्तानों में शामिल हो गए हैं जिनका 1000 से ज्यादा रन बनाने के बाद बल्लेबाजी औसत 75 से ऊपर है.
बतौर कप्तान टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा औसत से 1000 रन बनाने वालों की सूची में ऑस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज डॉन ब्रैडमैन पहले स्थान पर हैं. उनका औसत 101.5 का रहा था. वहीं शुभमन गिल 82.8 की औसत के साथ दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं. इस सूची में श्रीलंका के कुमार संगाकारा, ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ और महेला जयवर्धने जैसे दिग्गज खिलाड़ी भी शामिल हैं, लेकिन इनका औसत 70 से कम है.
डॉन ब्रैडमैन – 101.5
शुभमन गिल – 82.8
कुमार संगाकारा – 69.6
स्टीव स्मिथ – 68.1
महेला जयवर्धने – 59.1
मैच में भारत की मजबूत पकड़
भारत ने दूसरे दिन लंच तक 6 विकेट पर 475 रन बना लिए थे. शुभमन गिल के अलावा केएल राहुल ने भी शानदार शतक लगाया. वहीं साई सुदर्शन और ऋषभ पंत ने 81-81 रन की उपयोगी पारियां खेली. टीम इंडिया अब बड़े स्कोर की तरफ बढ़ रही है और उसकी कोशिश 600 रन तक पहुंचने की है ताकि अफगानिस्तान पर पूरी तरह दबाव बनाया जा सके.
अफगानिस्तान के लिए मोहम्मद सलीम सफी ने अब तक सबसे अच्छा प्रदर्शन किया है. उन्होंने चार विकेट हासिल किए, जिसमें शुभमन गिल और ध्रुव जुरेल जैसे अहम विकेट शामिल रहे. First Updated : Sunday, 07 June 2026