IND vs PAK: कोलंबो में हैंडशेक करना भारत-पाकिस्तान के खिलाड़ियों की होगी मजबूरी! ICC टूर्नामेंट के लिए क्या है नियम?

आज भारत और पकिस्तान के बीच महामुकाबला होने वाला है. ऐसे में हैंडशेक एक बार फिर चर्चा में आ गया है. क्या इस बार दोनों टीमों के खिलाड़ी हाथ मिलाएंगे या नहीं? आइए जानते हैं क्या कहता ICC का नियम.

Sonee Srivastav

IND vs PAK: टी20 वर्ल्ड कप में आज कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला होने वाला है. मैच से पहले सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या दोनों टीमों के खिलाड़ी हाथ मिलाएंगे?

पिछले कुछ समय से भारत ने पाकिस्तान के साथ हाथ न मिलाने की नीति अपनाई है, जिससे ये चर्चा फिर गरमा गई है. आइये जानते हैं ICC के नियमों के अनुसार इस बार दोनों टीमों के खिलाड़ी हाथ मिलाएंगे या नहीं.

हाथ मिलाने के सवाल पर सूर्या का जवाब 

प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव से जब हाथ मिलाने के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, "24 घंटे इंतजार करो, कल पता चल जाएगा. हम यहां क्रिकेट खेलने आए हैं, अच्छा क्रिकेट खेलेंगे." उन्होंने इसे सस्पेंस बनाए रखने की बात कही और मैच पर फोकस करने की सलाह दी.

पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने भी साफ जवाब नहीं दिया. उन्होंने कहा, "ये भारत पर निर्भर है कि वो क्या फैसला लेते हैं. मैच को सही स्पिरिट में खेलना चाहिए." दोनों कप्तान ने सीधे हां या ना नहीं कहा, जिससे फैंस में उत्सुकता बढ़ गई है.

एशिया कप से शुरू हुई विवाद की जड़

ये सब 2025 के एशिया कप से शुरू हुआ, जब पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय टीम ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाना बंद कर दिया. तीनों मैचों में कोई हैंडशेक नहीं हुआ.

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को ये पसंद नहीं आया और उन्होंने ICC से शिकायत की. PCB ने यहां तक कहा कि अगर भारत हाथ मिलाने को तैयार नहीं तो मैच नहीं खेलेंगे, लेकिन ICC ने इस मांग को ठुकरा दिया.

क्या कहते हैं ICC के नियम?

ICC के प्लेइंग कंडीशंस या कोड ऑफ कंडक्ट में कहीं भी विरोधी टीम से हाथ मिलाना अनिवार्य नहीं लिखा है. ये सिर्फ एक परंपरा है, जो स्पिरिट ऑफ क्रिकेट के तहत सम्मान दिखाने के लिए की जाती है. मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (MCC) की स्पिरिट ऑफ क्रिकेट में भी अच्छे व्यवहार की अपील है, लेकिन कोई सख्त नियम नहीं.

पूर्व अंपायरों और BCCI अधिकारियों ने भी स्पष्ट किया है कि हैंडशेक कोई कानूनी जरूरत नहीं, बल्कि आदत है. इसलिए ICC इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर सकता. फिलहाल लग रहा है कि भारत अपनी पुरानी नीति पर कायम रहेगा और हाथ नहीं मिलाएगा. हालांकि, मैच के मैदान पर क्या होता है, ये आज शाम पता चलेगा.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag