India vs Pakistan, Asia Cup 2025 Final: एशिया कप का फाइनल आज खेला जाएगा. रविवार को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी. इस बार मुकाबले का रोमांच अपने चरम पर है, क्योंकि एक ओर सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली भारतीय टीम अपराजित रहते हुए फाइनल तक पहुंची है, तो दूसरी ओर पाकिस्तान भी अपनी ताकतवर बल्लेबाजी और गेंदबाजी से चुनौती पेश करने को तैयार है.
भारत पहले ही इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान को दो बार हरा चुका है, जिससे उसे मानसिक बढ़त हासिल है. लेकिन फाइनल में हालात और रणनीति का रोल कहीं ज्यादा अहम होने वाला है. मौसम, पिच और ओस का असर इस हाई-वोल्टेज मैच को पूरी तरह प्रभावित कर सकता है. आइए जानते हैं कैसा रहेगा पिच और मौसम का हाल, और क्यों पहले गेंदबाजी करना जीत की कुंजी हो सकती है.
दुबई की पिच ऐतिहासिक रूप से धीमी मानी जाती है, जहां स्पिनरों को मदद मिलती है और बल्लेबाजों के लिए बड़े शॉट खेलना आसान नहीं रहता. हालांकि भारत-श्रीलंका के मुकाबले में यह सतह अपेक्षाकृत बैलेंस्ड दिखी थी और खूब रन बने. इसका मतलब है कि फाइनल में गेंद और बल्ले के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिलेगी.
तेज गेंदबाजों को शुरुआत में हार्ड लेंथ डालकर ही सफलता मिल सकती है, जबकि स्पिनरों की भूमिका मैच के बीच और आखिर में निर्णायक हो सकती है.
दुबई में रोशनी के नीचे लक्ष्य का पीछा करना हमेशा टीमों के लिए फायदेमंद रहा है, क्योंकि रात में गेंद बल्लेबाजों पर तेजी से आती है. इसके अलावा, तपते दिन में (40 डिग्री तक) बल्लेबाजी करना थकान भरा होगा, जबकि शाम को (31 डिग्री तक) तापमान घटने से बल्लेबाजी आसान हो सकती है.
नई गेंद से शुरुआती ओवर बहुत अहम होंगे. भारतीय सलामी बल्लेबाजों को शाहीन अफरीदी जैसे गेंदबाजों की स्विंग और पेस से सावधान रहना होगा. वहीं, भारत के जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह भी पाकिस्तान को शुरुआती झटका देने का दम रखते हैं.
जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ेगा, बल्लेबाज तेज रन बनाने की कोशिश करेंगे. यहां पर भारत के कुलदीप यादव और पाकिस्तान के अबरार अहमद जैसे स्पिनर महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं. अगर स्पिनरों ने बीच के ओवर में रन रोके और विकेट लिए, तो मैच की दिशा बदल सकती है.
अगर रात में ओस पड़ती है, तो बल्लेबाजी और भी आसान हो जाएगी. गेंद बल्ले पर तेज आएगी और बड़े शॉट खेलने में दिक्कत नहीं होगी. यही कारण है कि चेजिंग टीम को यहां बढ़त मिल सकती है.
ओस का फैक्टर भी यहां अहम रहेगा. हल्की सी ओस भी स्पिनरों की मुश्किलें बढ़ा देती है और गेंदबाजों की ग्रिप बिगाड़ देती है. ऐसे में अधिकतर कप्तान टॉस जीतकर गेंदबाजी करना ही पसंद कर सकते हैं.
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, जितेश शर्मा, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, संजू सैमसन, हर्षित राणा, रिंकू सिंह.
सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, फहीम अशरफ, फखर जमां, हसन अली, हसन नवाज, हुसैन तलात, खुशदिल शाह, मोहम्मद हसन, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद वसीम जूनियर, साहिबजादा फरहान, सैम अय्यूब, सलमान मिर्जा, शाहीन शाह अफरीदी, सुफयान मोकीम.
First Updated : Sunday, 28 September 2025