सेमीफाइनल की जंग में भारत-पाकिस्तान आमने-सामने, वैभव सूर्यवंशी पर टिकी उम्मीदें

भारत-पाकिस्तान U19 मुकाबला सिर्फ राइवलरी नहीं, बल्कि सेमीफाइनल का निर्णायक मैच है, जहां जीत भारत को सीधी बढ़त दिलाएगी. इस हाई-प्रेशर गेम में सबकी नजरें वैभव सूर्यवंशी पर हैं, जो चले तो भारत के लिए मैच एकतरफा कर सकते हैं.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

भारत और पाकिस्तान के बीच अंडर-19 वर्ल्ड कप का मुकाबला हमेशा से ही रोमांच और दबाव से भरा रहा है, लेकिन इस बार यह मैच सिर्फ पारंपरिक प्रतिद्वंद्विता तक सीमित नहीं है. सुपर-6 चरण में होने जा रहा यह मुकाबला सीधे तौर पर सेमीफाइनल की तस्वीर साफ कर सकता है. रविवार, 1 फरवरी को जिम्बाब्वे के बुलावायो में दोपहर 1 बजे से खेले जाने वाले इस हाई-वोल्टेज मैच में एक नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है वैभव सूर्यवंशी.

पाकिस्तान के सामने चुनौती

इस मैच की अहमियत इसलिए भी बढ़ जाती है क्योंकि भारत को जीत मिलते ही सेमीफाइनल का टिकट लगभग पक्का हो जाएगा. वहीं पाकिस्तान के सामने हालात कहीं ज्यादा कठिन हैं. उसे न सिर्फ यह मुकाबला जीतना होगा, बल्कि नेट रन रेट में भी बड़ा उलटफेर करना पड़ेगा. ऐसे में दबाव पूरी तरह पाकिस्तान पर रहेगा, जबकि भारत अपेक्षाकृत सधी हुई और सुरक्षित रणनीति के साथ मैदान में उतर सकता है.

यही वो स्थिति है, जहां वैभव सूर्यवंशी भारत के लिए ट्रंप कार्ड साबित हो सकते हैं. वैभव सिर्फ रन बनाने वाले बल्लेबाज नहीं हैं, बल्कि वो खिलाड़ी हैं जो मैच की दिशा और दशा दोनों बदलने की काबिलियत रखते हैं. अगर शुरुआती ओवरों में वह तेजी से रन बटोरते हैं, तो पाकिस्तान की टीम स्कोरबोर्ड और रन रेट दोनों के दबाव में आ सकती है.

पाकिस्तान के खिलाफ वैभव का रिकॉर्ड

हालांकि, पाकिस्तान के खिलाफ वैभव का रिकॉर्ड अब तक सवालों के घेरे में रहा है. बड़े मंचों पर शानदार प्रदर्शन करने वाले इस युवा बल्लेबाज के लिए पाकिस्तान अब तक एक अधूरी कहानी जैसा रहा है. अंडर-19 एशिया कप 2024 के ग्रुप मैच में वह सिर्फ 1 रन बना सके थे. 2025 के एशिया कप ग्रुप मुकाबले में भारत को जीत जरूर मिली, लेकिन वैभव सुर्खियों में नहीं रहे. वहीं 2025 एशिया कप के फाइनल में उन्होंने 10 गेंदों में 26 रन की तेज पारी खेली, लेकिन वह पारी भी पूरी तरह निर्णायक नहीं मानी गई.

अब सवाल यही है कि क्या 1 फरवरी को वैभव सूर्यवंशी पाकिस्तान के खिलाफ उस अधूरी चुनौती को पूरा कर पाएंगे? इस मुकाबले में दरअसल दो कहानियां एक साथ चलेंगी. एक भारत बनाम पाकिस्तान की और दूसरी वैभव सूर्यवंशी बनाम पाकिस्तान की. अगर वैभव इस बार खुलकर खेलते हैं और शुरुआती 10 ओवरों में भारत को मजबूत बढ़त दिलाते हैं, तो वह न सिर्फ मैच के हीरो बन सकते हैं, बल्कि भारत की सेमीफाइनल एंट्री के सबसे बड़े सूत्रधार भी साबित होंगे.

अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम

आयुष म्हात्रे (कप्तान), विहान मल्होत्रा (उप-कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, वेदांत त्रिवेदी, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), हरवंश पंगालिया, आर.एस. अम्बरीश, कनिष्क चौहान, हेनिल पटेल, दीपेश देवेंद्रन, खिलान पटेल, किशन कुमार सिंह, एरॉन जॉर्ज, उधव मोहन और मोहम्मद एनान.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag