हैदराबाद को हराकर गिल की टीम बनी टेबल टॉपर, कोहली की RCB को हुआ बड़ा नुकसान

नरेंद्र मोदी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद पर 82 रनों की शानदार जीत हासिल करने के बाद, गुजरात टाइटन्स IPL 2026 की पॉइंट्स टेबल में 16 पॉइंट्स पर पहुँच गई।

Sachin Hari Legha

नई दिल्ली: दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम यानि नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटन्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 82 रनों से हराकर IPL 2026 की पॉइंट्स टेबल में 16 अंकों के साथ मजबूती से कदम रखा। हाई-स्कोरिंग सीजन के बीच यह मैच गेंदबाजों के नाम रहा।

गुजरात ने हैदराबाद को हराया 

आपको बताते चलें कि मुश्किल पिच पर पहले खेलते हुए जीटी ने 168/5 का लड़ने लायक स्कोर बनाया। फिर गेंदबाजों ने कमाल दिखाते हुए एसआरएच को 14.5 ओवर में सिर्फ 86 रन पर समेट दिया। हैदराबाद के बल्लेबाज पिच को पढ़ ही नहीं पाए और पूरी पारी में दबाव में दिखे। इस जीत से गुजरात ने टॉप-2 की रेस में अपनी दावेदारी और मजबूत कर ली।

सुदर्शन-वॉशिंगटन ने संभाली पारी 

शुरुआत में GT को झटके लगे। पावरप्ले में ही शुभमन गिल और जोस बटलर आउट हो गए और स्कोर 34/2 हो गया। निशांत सिंधु ने 22 रन की तेज पारी से माहौल बदलने की कोशिश की। लेकिन असली काम साई सुदर्शन और वॉशिंगटन सुंदर की 60 रनों की साझेदारी ने किया। दोनों ने सूझबूझ से अर्धशतक जमाए। सुदर्शन ने 44 गेंदों में 5 चौके और 2 छक्कों के साथ 61 रन बनाए। वहीं वॉशिंगटन ने 33 गेंदों में 7 चौके और 1 छक्का लगाकर 50 रन की पारी खेली।

SRH के गेंदबाजों ने किया कड़ा मुकाबला 

दोहरे मिजाज वाली पिच पर एसआरएच के गेंदबाजों ने जीटी को खुलकर खेलने नहीं दिया। प्रफुल हिंगे ने 3 ओवर में 2/17 के शानदार आंकड़े दर्ज किए। कप्तान पैट कमिंस ने भी कसी हुई गेंदबाजी की और 4 ओवर में सिर्फ 20 रन देकर 1 विकेट लिया।

रबाडा-होल्डर ने तोड़ी कमर 

लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसआरएच की शुरुआत खराब रही। मोहम्मद सिराज ने पहली ही गेंद पर ट्रैविस हेड को शून्य पर चलता किया। अभिषेक शर्मा ने छक्के से शुरुआत की लेकिन कागिसो रबाडा की गेंद पर बदकिस्मती से आउट हो गए। रबाडा यहीं नहीं रुके, उन्होंने ईशान किशन और युवा स्मरण रविचंद्रन को भी पवेलियन भेजा।

क्लासेन समेत 3 विकेट लेकर चमके होल्डर 

जेसन होल्डर ने एसआरएच की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। उन्होंने ऑरेंज कैप होल्डर हेनरिक क्लासेन, नीतीश कुमार रेड्डी और शिवांग कुमार को आउट कर 20 रन देकर 3 विकेट झटके। प्रसिद्ध कृष्णा और राशिद खान ने भी विकेट लेकर योगदान दिया। पूरी एसआरएच टीम दबाव में बिखर गई और 86 रन पर ऑल आउट हो गई।

Topics

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो