ईशान किशन की धमाकेदार छलांग, ICC T20 रैंकिंग के टॉप-10 में बनाई जगह

आईसीसी टी20 विश्व कप में भारतीय सलामी बल्लेबाज ईशान किशन का बल्ला जमकर गरज रहा है. अब इसका फायदा किशन को आईसीसी की ताजा बल्लेबाजी रैंकिंग में मिला है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

आईसीसी टी20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन का फायदा भारतीय सलामी बल्लेबाज ईशान किशन को आईसीसी की ताजा बल्लेबाजी रैंकिंग में मिला है. उन्होंने 40 गेंदों में 77 रनों की मैच जिताऊ पारी खेलकर टी20 अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाजों की सूची में शीर्ष 10 में जगह बना ली है. किशन अब 732 रेटिंग अंकों के साथ आठवें स्थान पर पहुंच गए हैं. 

किशन ने टीम सीफर्ट और ट्रैविस हेड को पीछे छोड़ा

किशन ने न्यूजीलैंड के टिम सीफर्ट और ऑस्ट्रेलिया के ट्रैविस हेड को पीछे छोड़ दिया. वह इस सूची में जगह बनाने वाले चौथे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. हाल के मुकाबलों में किशन का प्रदर्शन लगातार प्रभावशाली रहा है. उन्होंने नामीबिया के खिलाफ 61 रन और पाकिस्तान के खिलाफ 77 रन की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं, जिससे उनकी रेटिंग में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई. दूसरी ओर, भारतीय बल्लेबाज अभिषेक शर्मा अब भी 891 अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं. भले ही वह टूर्नामेंट में कुछ मैचों में खाता नहीं खोल सके, लेकिन उनकी कुल रेटिंग मजबूत बनी हुई है. 

इंग्लैंड के फिल साल्ट दूसरे स्थान पर हैं. हालांकि, इस टूर्नामेंट में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा और वह अभिषेक से 83 अंक पीछे हैं. भारत के अन्य बल्लेबाजों में तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव भी शीर्ष 10 में अपनी जगह बनाए हुए हैं. वहीं पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान भारत के खिलाफ शून्य पर आउट होने के बाद रैंकिंग में पांचवें स्थान पर खिसक गए हैं. श्रीलंका के पथुम निस्संका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार शतक लगाकर तीसरे स्थान पर छलांग लगाई है.

ऑलराउंडरों की रैंकिंग में पाकिस्तान के साइम अयूब ने फिर से नंबर एक स्थान हासिल कर लिया है. भारत के हार्दिक पांड्या तीसरे स्थान पर बने हुए हैं, जबकि जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा दूसरे स्थान पर हैं और शीर्ष स्थान से सिर्फ छह अंक पीछे हैं.

ब्रैड इवांस ने लगाई लंबी छलांग 

गेंदबाजी रैंकिंग में जिम्बाब्वे के ब्रैड इवांस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 स्थानों की छलांग लगाई और पांचवें स्थान पर पहुंच गए. भारत के वरुण चक्रवर्ती शीर्ष पर कायम हैं. इसके अलावा अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह क्रमशः 14वें, 15वें और 16वें स्थान पर हैं. भारत के आगामी मैचों को देखते हुए इन खिलाड़ियों के पास अपनी रैंकिंग में और सुधार करने का अच्छा अवसर होगा.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag