क्या मुंबई इंडियंस हार्दिक पांड्या के बिना ज्यादा खुश है? पूर्व वर्ल्ड चैंपियन खिलाड़ी का MI पर बड़ा खुलासा

पूर्व क्रिकेटर क्रिस श्रीकांत ने मुंबई इंडियंस को लेकर बड़ा खुलासा किया है. उन्होंने बताया की जसप्रीत बुमराह की कप्तानी में वे पंजाब किंग्स के खिलाफ मैदान पर उतरे वे एकजुट दिखे.

Nidhi Jha
Edited By: Nidhi Jha

नई दिल्ली: टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर कृष्णमाचारी श्रीकांत ने मुंबई इंडियंस टीम को लेकर एक बड़ा दावा किया है. इस सीजन में मुंबई इंडियंस के लिए हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव ने कप्तानी की जिम्मेदारी संभाली थी. मुंबई इंडियंस IPL 2026 में खराब प्रदर्शन के बाद यह टीम प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई है. टीम काफी सुस्त नजर आ रही थी लेकिन जिस पल जसप्रीत बुमराह की कप्तानी में वे पंजाब किंग्स के खिलाफ मैदान पर उतरे वे एकजुट दिखे. यह राय क्रिस श्रीकांत ने जाहिर की है. एक तरह से उनका मानना है कि हार्दिक पांड्या की गैरमौजूदगी में टीम ज्यादा एकजुट नजर आई है. 

क्या मुंबई इंडियंस हार्दिक पांड्या के बिना ज्यादा खुश है?

1983 विश्व कप जीतने वाली टीम के सदस्य श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, यह एक अच्छा फैसला है. मुझे लगता है कि बुमराह को कप्तान बनाना एक शानदार कदम है. निश्चित रूप से कोई न कोई अंदरूनी मसला जरूर है. इसमें कोई शक नहीं कि टीम का माहौल काफी हल्का-फुल्का लग रहा था. अचानक टीम एक सामूहिक इकाई के तौर पर कहीं ज्यादा एकजुट नजर आ रही है. उस मैच में सूर्या भी नहीं खेले थे वे निजी कारणों से बाहर बैठे थे. लेकिन इसके बावजूद युवा टीम अचानक ठीक वैसे ही एकजुट हो गई जैसा आपने बताया.

एकजुट नजर आ रही है टीम

उन्होंने आगे कहा, दीपक चाहर अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं. राज अंगद बावा भी ठीक-ठाक गेंदबाजी कर रहे हैं. हर कोई अपना योगदान दे रहा है. तिलक वर्मा ने शानदार प्रदर्शन किया. रयान रिकेल्टन ने शुरू से ही आक्रामक शॉट्स लगाकर धमाका कर दिया और पूरी तरह से मैच पर हावी रहे. भले ही उन्हें निराशा का सामना करना पड़ रहा था लेकिन उन्होंने सफल होने का जबरदस्त जज्बा दिखाया. यही तो क्रिकेट की खूबसूरती है, वह ऊर्जा उनके अंदर साफ महसूस की जा सकती थी.

श्रीकांत ने दिया चौंकाने वाला बयान

श्रीकांत ने गौर किया कि जसप्रीत बुमराह अपनी कप्तानी में गेंदबाजी करते हुए साफ तौर पर खुश नजर आ रहे थे और बाकी गेंदबाजी आक्रमण भी उनकी अगुवाई में कहीं ज्यादा आत्मविश्वास से भरा लग रहा था. पूर्व क्रिकेटर ने आगे कहा, अगर आप पूरी गेंदबाजी इकाई को एक साथ देखें तो खुद बुमराह भी लगातार मुस्कुरा रहे थे.

बुमराह की कप्तानी ज्यादा अच्छी

वह गेंदबाजो में बहुत ज्यादा आत्मविश्वास भर रहे थे और मुझे लगा कि बुमराह की कप्तानी से दीपक चाहर जैसे खिलाड़ियों को काफी फायदा हुआ. शार्दुल ठाकुर ने भी ढीली गेंदबाजी नहीं की और न ही उन्होंने रन लुटाए. इस मैच में हर गेंदबाज को विकेट मिला. पंजाब किंग्स के खिलाफ, मुंबई ने 200 से ज्यादा रनों का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल कर लिया. इस जीत से MI को कोई ठोस फायदा नहीं हुआ लेकिन इसने पंजाब के लिए प्लेऑफ में पहुंचने का रास्ता काफी मुश्किल बना दिया है क्योंकि यह PBKS की इस सीजन में लगातार पांचवीं हार थी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो