प्रीति जिंटा ने चहल और प्रभसिमरन को लेकर चल रही अफवाहों पर तोड़ी चुप्पी, बोलीं-'बर्दाश्त नहीं किया जाएगा'

प्रीति जिंटा और पंजाब किंग्स ने टीम के खिलाड़ियों को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही फर्जी खबरों और अफवाहों की कड़ी निंदा की है. प्रीति जिंटा ने कहा कि स्वस्थ आलोचना का स्वागत है, लेकिन खिलाड़ियों और फ्रेंचाइजी की प्रतिष्ठा खराब करने वाली मनगढ़ंत खबरें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी.

Sonee Srivastav

चंडीगढ़: पंजाब किंग्स की मालिक प्रीति जिंटा और फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया पर टीम और खिलाड़ियों को लेकर फैल रही फर्जी खबरों पर कड़ी आपत्ति जताई है. मंगलवार 12 मई को जारी बयान में उन्होंने लोगों से अपील की कि बिना तथ्यों की जांच किए टीम के बारे में अफवाहें न फैलाएं.

टीम ने इस सीजन की शुरुआत शानदार तरीके से की थी. पहले सात मैचों में छह जीत हासिल की और अपराजित रही. आईपीएल इतिहास के सबसे बड़े लक्ष्य का पीछा करने का रिकॉर्ड भी तोड़ा, लेकिन पिछले कुछ मैचों में लगातार चार हार के बाद टीम की स्थिति कमजोर हो गई है.

खिलाड़ियों पर फैल रही अफवाहें

हाल ही में टीम युजवेंद्र चहल के कथित वेपिंग विवाद में घिर गई. इसके अलावा प्रभसिमरन सिंह की फिटनेस और वजन बढ़ने को लेकर सोशल मीडिया पर नकारात्मक चर्चाएं चल रही हैं. कुछ लोग खिलाड़ियों के रवैये पर भी सवाल उठा रहे हैं. इसी हंगामे के बीच प्रीति जिंटा और पंजाब किंग्स ने फैसला किया कि अब चुप नहीं रहेंगे.

प्रीति जिंटा का संदेश

प्रीति जिंटा ने अपने X पोस्ट में कहा, “आलोचना और गलत सूचना में बड़ा अंतर है. स्वस्थ बहस का स्वागत है, लेकिन खिलाड़ियों, टीम या ब्रांड की इज्जत खराब करने के लिए जानबूझकर झूठी खबरें फैलाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. मीडिया और विश्वसनीय लोगों से भी अपील है कि अपुष्ट खबरें फैलाने से पहले जिम्मेदारी बरतें.”

पंजाब किंग्स ने भी आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि आलोचना खेल का हिस्सा है, लेकिन सस्ती लोकप्रियता के लिए मनगढ़ंत कहानियां फैलाना गलत है. फ्रेंचाइजी ने सभी से तथ्यों की पुष्टि करने की अपील की.

प्लेऑफ की उम्मीद बरकरार

खराब फॉर्म के बावजूद पंजाब किंग्स अभी भी प्लेऑफ में जगह बनाने की रेस में बनी हुई है. टीम का अगला मैच 14 मई को धर्मशाला में मुंबई इंडियंस के खिलाफ होगा. प्रीति जिंटा और पंजाब किंग्स का यह बयान सोशल मीडिया पर फैल रही गलत सूचनाओं के खिलाफ एक साफ चेतावनी माना जा रहा है. टीम अब मैदान पर प्रदर्शन सुधारने के साथ-साथ अपनी छवि को बचाने पर भी जोर दे रही है.

Topics

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो