नालंदा में NEET 'सॉल्वर गैंग' का भंडाफोड़, MBBS छात्र समेत 3 गिरफ्तार, जांच में जुटी पुलिस

NEET-UG 2026 रद्द होने के बीच बिहार के नालंदा में पुलिस ने कथित सॉल्वर गैंग का खुलासा किया. वाहन जांच के दौरान पकड़े गए आरोपियों के पास से नकदी, एडमिट कार्ड और कई डिजिटल सबूत मिले. इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

Shraddha Mishra

नालंदा: राजस्थान में सामने आए NEET पेपर लीक मामले के बाद पूरे देश में परीक्षा प्रणाली को लेकर सवाल उठ रहे हैं. इसी बीच बिहार के नालंदा जिले से भी एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है, जहां पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है जो कथित तौर पर NEET परीक्षा में गड़बड़ी कराने की तैयारी में जुटा था. पुलिस की सतर्कता के कारण परीक्षा से पहले ही इस नेटवर्क का भंडाफोड़ हो गया. मामले में एक MBBS छात्र समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. इनके पास से नकदी, फर्जी दस्तावेज और कई डिजिटल सबूत बरामद किए गए हैं.

राजगीर के डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि 3 मई को आयोजित होने वाली NEET-UG परीक्षा को देखते हुए जिलेभर में हाई अलर्ट जारी किया गया था. परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए जगह-जगह वाहनों की जांच की जा रही थी. इसी दौरान पुलिस को दो वाहन संदिग्ध लगे, जिन्हें रोककर जांच की गई.

नकदी और दस्तावेजों ने बढ़ाया शक

पुलिस ने जब वाहनों में बैठे लोगों से पूछताछ शुरू की, तो उनमें से एक युवक ने खुद को दूसरे वर्ष का MBBS छात्र बताया. उसके जवाब और गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने वाहनों की तलाशी ली. तलाशी के दौरान पुलिस को भारी मात्रा में नकदी मिली, जिसे देखकर अधिकारियों को पूरे मामले पर शक गहरा गया. जांच के दौरान वाहनों से नोटों के बंडल बरामद हुए. 

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके पास करीब दो लाख रुपये थे. हालांकि पुलिस को उनके जवाब संतोषजनक नहीं लगे. इसके बाद तीनों लोगों को वाहनों समेत थाने ले जाया गया और उनसे गहन पूछताछ शुरू की गई. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में ही कई ऐसी बातें सामने आईं, जिनसे यह मामला सामान्य नहीं लगा. तीनों आरोपियों की गतिविधियों और उनके मोबाइल फोन की जानकारी ने जांच को और गंभीर बना दिया.

मोबाइल जांच में मिले कई अहम सुराग

अगले दिन पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन की फोरेंसिक जांच कराई. इस जांच में कई चौंकाने वाले डिजिटल सबूत सामने आए. अधिकारियों को विभिन्न परीक्षाओं के एडमिट कार्ड मिले, जिनमें NEET परीक्षा से जुड़े दस्तावेज भी शामिल थे. इसके अलावा मोबाइल फोन से पैसों के लेनदेन से जुड़ी जानकारी, संदिग्ध चैट और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड भी बरामद किए गए. पुलिस को शक है कि यह गिरोह परीक्षा में सॉल्वर बैठाने या अभ्यर्थियों को अनुचित तरीके से मदद पहुंचाने के नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है.

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस फिलहाल पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है. गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं. अधिकारियों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने पर कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं. पुलिस अब यह जानने की कोशिश कर रही है कि गिरफ्तार आरोपी किसी बड़े गिरोह का हिस्सा थे या स्थानीय स्तर पर ही इस पूरे रैकेट को चला रहे थे.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो