NEET Paper Leak: 30,000 रुपये में बिका NEET का पेपर, गुरुग्राम के डॉक्टर का कनेक्शन, राजस्थान के दो शातिर भाई गिरफ्तार
NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में राजस्थान के जामवा रामगढ़ के दो भाइयों मंगीलाल और दिनेश बिश्नोई को गिरफ्तार किया गया. इन भाइयों ने परीक्षा से एक हफ्ते पहले गुरुग्राम के एक डॉक्टर से पेपर खरीदा और इसे सीकर में ₹30,000 में बेचा, जो आगे 700 छात्रों तक पहुंच गया.

नई दिल्ली: NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है. राजस्थान के जामवा रामगढ़ से मंगीलाल और दिनेश बिश्नोई नाम के दो भाइयों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, इन भाइयों ने 26 अप्रैल को गुरुग्राम के एक डॉक्टर से इस साल का NEET पेपर खरीदा था.
परीक्षा से एक हफ्ते पहले पेपर उनके हाथ लग गया था. एक भाई ने पेपर अपने बेटे को सिखर भेज दिया, जो मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा था. इसके बाद 29 अप्रैल को उन्होंने पेपर कई लोगों को बेच दिया.
गुरुग्राम डॉक्टर का अहम रोल
गुरुग्राम का डॉक्टर इस पूरे मामले में मुख्य कड़ी बनकर उभरा है. जांच एजेंसियों का मानना है कि पेपर नासिक के प्रिंटिंग प्रेस से शुरू होकर एक नेटवर्क के जरिए गुरुग्राम पहुंचा और फिर इन भाइयों तक गया. हालांकि, गुरुग्राम के इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. राजेश कटारिया ने कहा कि अभी तक किसी भी जांच एजेंसी ने उनसे संपर्क नहीं किया है.
सीकर बना पेपर लीक का केंद्र
सीकर इस साल के पेपर लीक घोटाले का सबसे बड़ा केंद्र बन गया है. राजस्थान के जामवा रामगढ़ से पेपर यहां के MBBS काउंसलिंग एजेंट राकेश कुमार मंदावरिया तक पहुंचा. राकेश ने इसे आगे बढ़ाया और एक स्टूडेंट को 30,000 रुपये में बेच दिया. वह स्टूडेंट केरल में MBBS कर रहा था.
परीक्षा से एक दिन पहले उस स्टूडेंट ने पेपर अपने पिता को भेजा, जो सीकर में PG ऑपरेटर है. उसने व्हाट्सएप पर मैसेज लिखा- “पापा, सीकर के दोस्त ने भेजा है. इसे हॉस्टल की लड़कियों को दे देना, कल यही पेपर आएगा.” पिता ने इसे हॉस्टल की लड़कियों में बांट दिया.
बड़े स्तर पर फैला पेपर
राकेश कुमार मंदावरिया ने पेपर करीब 700 छात्रों तक पहुंचाने का आरोप है. बाद में यह PDF के रूप में और प्रिंटेड कॉपी में भी बिका. हरियाणा में यश यादव नाम के व्यक्ति को भी पेपर बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस को पता चला है कि इन भाइयों को एक महीने पहले ही पता था कि पेपर लीक होने वाला है. उनके परिवार के चार बच्चे पिछले साल NEET क्लियर कर चुके थे. दिनेश बिश्नोई एक राजनीतिक पार्टी से भी जुड़े बताए जा रहे हैं.
CBI जांच शुरू
5 मई को हुई NEET-UG 2026 परीक्षा को बड़े पैमाने पर लीक की शिकायतों के बाद मंगलवार को रद्द कर दिया गया. NTA ने नई परीक्षा की तारीख 7-10 दिनों में घोषित करने की बात कही है. CBI ने इस मामले में FIR दर्ज कर ली है.
एजेंसी आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और परीक्षा में अनुचित साधनों की रोकथाम कानून के तहत जांच कर रही है. राजस्थान पुलिस की SOG और महाराष्ट्र के नासिक से भी टीमों को शामिल किया गया है.


