अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का क्या था कारोबार? जानिए कमाई और बिजनेस की पूरी डिटेल
भारतीय जनता पार्टी की नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का निधन हो गया है. राजनीति से दूर रहने वाले प्रतीक फिटनेस और रियल एस्टेट कारोबार की दुनिया में बड़ा नाम थे. अपर्णा से शादी के बाद वह भी लगातार सुर्खियों में रहे. आइए जानते हैं उनकी नेटवर्थ और बिजनेस सफर की कहानी.

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी की नेता और उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का निधन हो गया है. मुलायम सिंह यादव के पुत्र और अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव ने लखनऊ के सिविल अस्पताल में अंतिम सांस ली. उनके निधन की खबर सामने आते ही राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में शोक फैल गई.
प्रतीक यादव सिर्फ एक राजनीतिक परिवार का हिस्सा भर नहीं थे, बल्कि उन्होंने फिटनेस इंडस्ट्री, रियल एस्टेट और सोशल मीडिया की दुनिया में भी अपनी अलग पहचान बनाई थी. फिटनेस के प्रति उनका जुनून और लग्जरी लाइफस्टाइल अक्सर चर्चा में रहती थी. इसके अलावा पशु प्रेम और सामाजिक कार्यों से भी उनका गहरा जुड़ाव था.
फिटनेस इंडस्ट्री में बनाई अलग पहचान
प्रतीक यादव लखनऊ में ‘द फिटनेस प्लैनेट’ नाम का जिम चलाते थे. फिटनेस के क्षेत्र में उन्होंने अपनी मेहनत और विजन के दम पर खास मुकाम हासिल किया. उन्होंने लोगों को बेहतर फिटनेस सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयरन कोर फिट जिम की शुरुआत की थी. उन्होंने फिटनेस सेक्टर में कदम रखने से पहले मार्केट रिसर्च भी की और समझा कि लोगों को प्रीमियम वर्कआउट माहौल और आधुनिक फिटनेस सुविधाओं की जरूरत है. इसी सोच के साथ उन्होंने अपने फिटनेस ब्रांड को आगे बढ़ाया.
प्रतीक यादव की पढ़ाई
प्रतीक यादव ने यूनाइटेड किंगडम के लंदन स्थित लीड्स विश्वविद्यालय से एमबीए की पढ़ाई पूरी की थी. पढ़ाई के बाद उन्होंने अपने करियर की शुरुआत रियल एस्टेट कारोबार से की, लेकिन बाद में फिटनेस इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बना ली.
सोशल मीडिया पर भी थे काफी लोकप्रिय
नीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, प्रतीक यादव ने बॉडीबिल्डिंग, पावरलिफ्टिंग और न्यूट्रिशन सेक्टर में बड़ा नाम कमाया. बाद में उन्होंने डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के जरिए फिटनेस कंटेंट बनाना शुरू किया और सोशल मीडिया पर फिटनेस आइकन के तौर पर लोकप्रिय हुए. साल 2012 में उन्होंने बॉडीबिल्डिंग पर ‘इंटरनेशनल ट्रांसफॉर्मेशन ऑफ द मंथ’ का खिताब जीतकर इतिहास रचा था. ऐसा करने वाले वह पहले भारतीय बताए जाते हैं.
फिटनेस ब्रांड और बिजनेस का विस्तार
साल 2019 में प्रतीक यादव ने आयरन हाइड अपैरल नाम से फिटनेस कपड़ों का ब्रांड लॉन्च किया. उनका उद्देश्य भारतीय खिलाड़ियों और फिटनेस प्रेमियों को प्रीमियम क्वालिटी का वर्कआउट गियर उपलब्ध कराना था. फिटनेस बिजनेस के साथ-साथ उन्होंने रियल एस्टेट कारोबार का भी तेजी से विस्तार किया. बिजनेस और फिटनेस ब्रांड के बीच संतुलन बनाते हुए उन्होंने अपने जुनून को लगातार आगे बढ़ाया.
और किस लिए भी जाने जाते थे प्रतीक यादव
प्रतीक यादव पशु प्रेम के लिए भी काफी चर्चित थे. वह कई पशु रेस्क्यू फाउंडेशन से जुड़े हुए थे. इसके अलावा वह जीव आश्रय नाम की एक फाउंडेशन भी चलाते थे. यह फाउंडेशन सड़क पर रहने वाले कुत्तों के इलाज, देखभाल, खाने और रेस्क्यू का काम करती थी. पशुओं के प्रति उनका लगाव अक्सर सोशल मीडिया पोस्ट्स में भी दिखाई देता था.
करोड़ों की संपत्ति और लग्जरी कारों के थे शौकीन
प्रतीक यादव की नेटवर्थ और लग्जरी लाइफस्टाइल भी काफी चर्चा में रही. साल 2015-16 में अपर्णा यादव और प्रतीक यादव ने क्रमशः 1 करोड़ 47 लाख 42 हजार रुपये और 50 लाख 18 हजार रुपये का आयकर रिटर्न दाखिल किया था. जानकारी के मुताबिक प्रतीक यादव के पास करीब 5 करोड़ 23 लाख 15 हजार रुपये की कारें थीं. वहीं उनकी अचल संपत्ति करीब 6 करोड़ 15 लाख रुपये बताई गई थी. उन पर 8 करोड़ 7 लाख 12 हजार रुपये का कर्ज भी था, जिसमें 81 लाख 50 हजार रुपये उन्होंने अपने बड़े भाई अखिलेश यादव से लिए थे.
लैंबॉर्गिनी कार को लेकर खूब हुई थी चर्चा
प्रतीक यादव के शानदार कार कलेक्शन की चर्चा अक्सर होती थी. उनके पास एक लग्जरी लैंबॉर्गिनी स्पोर्ट्स कार भी थी, जिसकी कीमत करीब 5 करोड़ रुपये बताई जाती है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह कार उन्होंने साल 2016 में यूनियन बैंक से करीब 4.5 करोड़ रुपये का लोन लेकर खरीदी थी.


