Prateek Yadav Death Reason: कैसे हुई अखिलेश यादव के भाई प्रतिक यादव की मौत? जानें वजह

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई और अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का निधन हो गया है. उन्हें बुधवार सुबह लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. शुरुआती जानकारी में मामला "सस्पेक्टेड प्वाइजनिंग" से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही साफ होगी.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. उनके सौतेले भाई और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का निधन हो गया है. बुधवार सुबह उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया, लेकिन डॉक्टरों के अनुसार अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी. इस खबर के सामने आते ही राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई.

हालांकि अभी तक प्रतीक यादव की मौत के असली कारण का आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन शुरुआती जानकारी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. सिविल अस्पताल प्रशासन ने मामले को "सस्पेक्टेड प्वाइजनिंग" से जोड़ते हुए जांच की बात कही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी.

अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, प्रतीक यादव को बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे अस्पताल लाया गया था, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.

घर के किचन में मिले थे अचेत

रिपोर्ट के अनुसार, प्रतीक यादव अपने घर के किचन में अचेत अवस्था में पाए गए थे. इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनका शव घर ले जाया गया.

अब सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई है, जिससे मौत के वास्तविक कारण का खुलासा हो सकेगा.

राजनीति से दूर रहते थे प्रतीक यादव

करीब 38 वर्षीय प्रतीक यादव राजनीति में सक्रिय नहीं थे. हालांकि उनकी पत्नी अपर्णा यादव भाजपा की प्रमुख नेताओं में गिनी जाती हैं और राजनीतिक रूप से काफी सक्रिय रहती हैं.

बीते कुछ समय से प्रतीक यादव और अपर्णा यादव के रिश्तों में खटपट की खबरें भी सामने आई थीं, हालांकि इसको लेकर परिवार की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया था.

अखिलेश यादव से था बेहद करीबी रिश्ता

अखिलेश यादव और उनके सौतेले भाई प्रतीक यादव के बीच बेहद अच्छा रिश्ता बताया जाता था. परिवार के करीबी लोगों के अनुसार, अखिलेश अपने छोटे भाई से काफी स्नेह रखते थे.

प्रतीक यादव, समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे. मुलायम सिंह यादव ने साल 2003 में साधना गुप्ता के साथ औपचारिक रूप से विवाह किया था. रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रतीक यादव का जन्म वर्ष 1988 में हुआ था.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो