मौत के बाद वायरल हुई प्रतीक यादव की आखिरी पोस्ट, यूजर्स दे रहे अलग-अलग प्रतिक्रियाएं
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का आज सुबह निधन हो गया. उनकी मौत की वजह फिलहाल सामने नहीं आई है. इस खबर के बाद सोशल मीडिया पर शोक की लहर है और लोग उनकी आखिरी पोस्ट शेयर कर भावुक प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.

समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के सौतेले भाई और मुलायम सिंह यादव के पुत्र प्रतीक यादव का बुधवार सुबह निधन हो गया. उनके अचानक निधन की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी शोक की लहर दौड़ गई. हालांकि अब तक उनकी मौत की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है.
डॉक्टरों की शुरुआती आशंका के मुताबिक मौत की वजह जहर हो सकती है, लेकिन इसकी अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. इस बीच प्रतीक यादव की आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट और उनकी पिन की हुई पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिस पर लोग भावुक प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.
आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट क्यो बनी चर्चा का केंद्र?
प्रतीक यादव ने इंस्टाग्राम पर अपनी आखिरी पोस्ट 3 अप्रैल को साझा की थी. इस पोस्ट में वह जेट चलाते हुए नजर आ रहे थे. पोस्ट को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि लग्जरी कारों के शौकीन प्रतीक यादव को जेट उड़ाने का भी काफी शौक था. उनके निधन की खबर के बाद इस पोस्ट पर बड़ी संख्या में लोग RIP और श्रद्धांजलि वाले कमेंट कर रहे हैं.
पिन पोस्ट में क्या दिखा?
प्रतीक यादव ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक खास पोस्ट पिन कर रखी थी, जो अब काफी चर्चा में है. इस पोस्ट में उन्होंने लिखा था, जिस तरह आप जानवरों के साथ व्यवहार करते हैं, जीवन आपके साथ वैसा ही व्यवहार करे. इस पोस्ट के जरिए उन्होंने जानवरों के प्रति अपने प्रेम और संवेदनशीलता को जाहिर किया था. सोशल मीडिया पर इस पोस्ट पर भी लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.
अस्पताल पहुंचने से पहले हो चुकी थी मौत
जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद प्रतीक यादव को सुबह करीब 6 बजे अस्पताल लाया गया था. हालांकि डॉक्टरों के अनुसार अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी. सिविल लाइन के डॉक्टर ने बताया कि सुबह करीब 5:30 बजे प्रतीक यादव का ड्राइवर उनके पास पहुंचा और कहा कि भैया को कुछ हो गया है, जल्दी घर चलिए. इसके बाद डॉक्टर ने अपना ईएमओ भेजा, लेकिन जब उन्हें अस्पताल लाया गया तब तक उनका निधन हो चुका था.
सीएम योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रतीक यादव के निधन पर गहरा दुख जताया है. मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के पुत्र और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का आकस्मिक निधन बेहद दुखद है.
मुख्यमंत्री ने आगे लिखा कि उनकी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवार के साथ हैं. उन्होंने प्रभु श्रीराम से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की.
सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि का सैलाब
प्रतीक यादव के निधन की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि देना शुरू कर दिया. उनकी फिटनेस, पशु प्रेम और लग्जरी लाइफस्टाइल को लेकर भी लोग लगातार पोस्ट साझा कर रहे हैं.


