Prateek Yadav Death: प्रतीक यादव के निधन पर CM योगी ने जताया दुख, अपर्णा यादव को दी सांत्वना
अखिलेश यादव के भाई और अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव के निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख जताया है. सीएम योगी ने X पर भावुक संदेश साझा करते हुए इसे "अत्यंत दुःखद" बताया और परिवार को इस कठिन समय में संबल देने की प्रार्थना की. प्रतीक यादव के निधन के बाद राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर है.

लखनऊ: समाजवादी पार्टी संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव के निधन से राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में शोक की लहर है. अखिलेश यादव के भाई और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव के आकस्मिक निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भावुक संदेश साझा करते हुए परिवार के प्रति संवेदना जताई.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में प्रतीक यादव के निधन को "अत्यंत दुःखद" बताया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. उनके इस संदेश के बाद सोशल मीडिया पर भी बड़ी संख्या में लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की और यादव परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं.
CM योगी ने X पर जताया शोक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने X पर लिखा, "उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, पद्म विभूषण स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी के पुत्र एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती अपर्णा यादव जी के पति श्री प्रतीक यादव जी का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है. विनम्र श्रद्धांजलि."
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, 'पद्म विभूषण', स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी के पुत्र एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती अपर्णा यादव जी के पति श्री प्रतीक यादव जी का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है। विनम्र श्रद्धांजलि।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) May 13, 2026
मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ…
उन्होंने आगे कहा कि उनकी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं. मुख्यमंत्री ने प्रभु श्रीराम से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना भी की.
बुधवार सुबह हुआ प्रतीक यादव का निधन
सूत्रों के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 6 बजे प्रतीक यादव की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी. इसके बाद उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे. इससे पहले उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इलाज के दौरान समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव भी अस्पताल पहुंचकर उनसे मिले थे. बाद में तबीयत में सुधार होने पर उन्हें घर लाया गया था.
राजनीति से दूर बनाई अलग पहचान
38 वर्षीय प्रतीक यादव राजनीति से दूर रहते थे. उन्होंने बिजनेस और फिटनेस सेक्टर में अपनी अलग पहचान बनाई थी. उन्होंने ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी ऑफ लीड्स से पढ़ाई की थी और लखनऊ में 'द फिटनेस प्लानेट' नाम से जिम संचालित करते थे.
फिटनेस इंडस्ट्री के अलावा प्रतीक यादव पशु प्रेम के लिए भी जाने जाते थे. उन्होंने 'जीव आश्रय' नाम की संस्था बनाई थी, जो स्ट्रीट डॉग्स के इलाज, रेस्क्यू और देखभाल का काम करती थी. उनकी संस्था लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में घायल और बेसहारा जानवरों की मदद के लिए सक्रिय थी.
अपर्णा यादव भाजपा में निभा रही हैं सक्रिय भूमिका
प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव वर्तमान में उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं और भाजपा से जुड़ी हुई हैं. हालांकि राजनीतिक रूप से अलग दलों में होने के बावजूद यादव परिवार के बीच निजी संबंधों में संवाद बना रहा.
प्रतीक यादव के निधन के बाद समाजवादी पार्टी और भाजपा दोनों दलों के नेताओं ने शोक व्यक्त किया है. राजनीतिक गलियारों में इस खबर के बाद गम का माहौल बना हुआ है.
सोशल मीडिया पर उमड़ी श्रद्धांजलियां
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शोक संदेश के बाद सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलियों का सिलसिला शुरू हो गया. कई लोगों ने प्रतीक यादव को शांत, सरल और फिटनेस के प्रति समर्पित व्यक्तित्व बताया.
लखनऊ स्थित उनके आवास पर समर्थकों, शुभचिंतकों और करीबी लोगों का पहुंचना लगातार जारी है. मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद इसे यादव परिवार के लिए एक और बड़ा भावनात्मक झटका माना जा रहा है.
परिवार के करीबी लोगों के मुताबिक, प्रतीक यादव बेहद मिलनसार और सहज स्वभाव के व्यक्ति थे. फिलहाल अंतिम संस्कार को लेकर परिवार की ओर से आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है.


