महाराष्ट्र: बारामती में फिर हुई विमान दुर्घटना, इसी इलाके में क्रैश हुआ था अजित पवार का प्लेन

बारामती में फिर सामने आए विमान हादसे ने इलाके में चिंता बढ़ा दी है. जनवरी में हुए बड़े क्रैश के बाद दोबारा हुई दुर्घटना से विमान सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं. हादसे के बाद प्रशासन तकनीकी कारणों की जांच में जुटा है.

Shraddha Mishra

बारामती: महाराष्ट्र के बारामती में एक बार फिर विमान हादसे की खबर सामने आई है. इसी साल जनवरी में हुए दर्दनाक विमान क्रैश की यादें अभी पूरी तरह धुंधली भी नहीं हुई थीं कि अब एक और दुर्घटना ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त हुआ विमान बारामती के गोजूबाबी गांव जा रहा था. यह ट्रेनिंग के लिए इस्तेमाल किया गया टू सीटर विमान था. प्रशासन फिलहाल पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है और शुरुआती जानकारी में तकनीकी खराबी को हादसे की वजह माना जा रहा है.

शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि रेड बर्ड कंपनी के इस विमान में तकनीकी खराबी आई थी जिसके बाद गोजूबाबी गांव के पास विमान की क्रैश लैंड हुई. सामने आई जानकारी के अनुसार विमान के इंजन में उड़ान के दौरान खराबी आ गई थी. इसके बाद पायलट ने अपनी सूझबूझ के साथ विमान की सुरक्षित लैंडिंग करने की कोशिश की. विमान की बारामती के गोजूबाबी इलाके में हार्ड लैंडिंग हुई. फिलहाल इस हादसे में किसी जनहानि की खबर सामने नही आई है. 

यहीं क्रैश हुआ था अजित पवार का विमान

बारामती में इस साल की शुरुआत में भी एक बड़ा विमान हादसा हुआ था. जनवरी महीने में हुए उस हादसे ने पूरे महाराष्ट्र को हिला दिया था. उस दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मौत हो गई थी. यह घटना राज्य की राजनीति के साथ-साथ देशभर में चर्चा का विषय बन गई थी. उस हादसे के बाद विमान सुरक्षा को लेकर कई सवाल उठे थे. कुछ महीनों बाद फिर इसी इलाके में विमान दुर्घटना की खबर सामने आने से लोगों की चिंता और बढ़ गई है.

इंजन फेल होने की आशंका

प्रशासन की शुरुआती जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि हादसे की मुख्य वजह इंजन फेल होना हो सकता है. तकनीकी टीम विमान के मलबे की जांच कर रही है और ब्लैक बॉक्स सहित अन्य उपकरणों की मदद से दुर्घटना के असली कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जब तक पूरी जांच रिपोर्ट सामने नहीं आ जाती, तब तक किसी अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो