गुजरात के द्वारका में गायक पर नोटों की बारिश, मंच पर लगा पैसों का अंबार, वीडियो वायरल
गुजरात के द्वारका जिले के खंभालिया में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. मंच पर प्रस्तुति दे रहे लोकगायक पर श्रद्धालुओं ने इतनी बड़ी मात्रा में नोटों की बारिश कर दी कि कुछ देर के लिए पूरा मंच नोटों से भर गया और सिंगर उसके नीचे दब गया.

गांधीनगर: गुजरात के द्वारका जिले के खंभालिया में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. बता दें, श्रीमद भागवत सप्ताह के दौरान हुए डायरा कार्यक्रम में ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया. मंच पर प्रस्तुति दे रहे लोकगायक पर श्रद्धालुओं ने इतनी बड़ी मात्रा में नोटों की बारिश कर दी कि कुछ देर के लिए पूरा मंच नोटों से भर गया और सिंगर उसके नीचे दब गया.
वायरल वीडियो
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि कार्यक्रम में मौजूद लोग भक्ति संगीत और भजनों में पूरी तरह डूबे नजर आ रहे हैं. जैसे-जैसे कार्यक्रमआगे बढ़ रहा है, श्रद्धालुओं का उत्साह भी बढ़ता नजर आ रहा है. इस बीच कई लोग मंच की ओर नोट उड़ाते दिखाई दे रहे है, जबकि कुछ लोग थैले और बोरे में नकदी लेकर पहुंचे और मंच पर उछालने लगे. देखते ही देखते गायक के चारों ओर नोटों का ढेर लग गया. स्थानीय रिपोर्ट्स के अनुसार, मंच पर प्रस्तुति देने वाले कलाकार का नाम देवायत खवड़ बताया जा रहा है.
धार्मिक आयोजनों के नाम पर इस तरह नोटों की बारिश करना बेहद शर्मनाक और निंदनीय है। एक तरफ देश में गरीब, किसान और आदिवासी समुदाय मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं, दूसरी तरफ मंचों पर पैसों का यह भद्दा प्रदर्शन सामाजिक असमानता का मजाक उड़ाता है। pic.twitter.com/ckb57AGYJh
— Bhavna Verma (@Bhavna_Verma_) May 15, 2026
भक्तिमय हुआ माहौल
कार्यक्रम के दौरान माहौल पूरी तरह भक्तिमय दिखाई दिया. श्रद्धालु भजनों पर झूमते और जयकारे लगाते नजर आए. इसके साथ ही इस अनोखे दृश्य को वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल कैमरों में रिकॉर्ड कर लिया, जिसके बाद वीडियो तेजी से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर फैल गया. कई यूजर्स ने इसे गुजरात की लोक संस्कृति और भक्ति परंपरा से जोड़कर देखा, जबकि कुछ लोगों ने मंच पर इतनी बड़ी मात्रा में नकदी उड़ाने पर सवाल भी उठाए.
किसे दी जाएगी ये राशी
वीडियो वायरल होने के बाद आयोजकों ने पूरे मामले पर सफाई भी दी है. उनका कहना है कि कार्यक्रम में इकट्ठा हुई राशि किसी व्यक्ति विशेष के लिए नहीं है. आयोजन का खर्च निकालने के बाद बची हुई पूरी रकम सामाजिक कार्यों में इस्तेमाल की जाएगी. आयोजकों के मुताबिक यह धनराशि अहीर चैरिटेबल ट्रस्ट को सौंपी जाएगी, जिसका उपयोग अहमदाबाद में “गुजरात अहीर कन्या छात्रालय” और एक शैक्षणिक परिसर के निर्माण में किया जाएगा. फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है.


